नई दिल्ली, 10 दिसंबर (आईएएनएस)। भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने पीएम मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत की इंटरनेशनल लेवल पर ताकत बढ़ी है।
वल्लभ का यह बयान उस वक्त आया है जब यूनेस्को ने दीपावली को अपनी अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल किया है।
नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता ने कहा कि यह इंटरनेशनल लेवल पर भारत की बढ़ती हुई ताकत को दिखाता है। पिछले ग्यारह वर्षों में, योग दिवस, कुंभ मेला, दुर्गा पूजा, गुजरात का गरबा, और अब दीपावली, इन सभी त्योहारों को यूनेस्को ने अपनी सांस्कृतिक उत्सवों की लिस्ट में शामिल किया है। यह भारत के बढ़ते ग्लोबल प्रभाव, 140 करोड़ भारतीयों की ताकत और भारत सरकार की ताकत को दिखाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, दुनिया भर में भारत की मौजूदगी बढ़ी है। भारत के तिरंगे को लेकर विश्व भर में गूंज है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का स्वाभिमान बढ़ा है, हमारे लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि यूनेस्को से लेकर बड़ी-बड़ी एजेंसी भारत की संस्कृति, पर्वों को मान्यता दे रही है। खास बात यह है कि यह सभी पर्व 2016 के बाद यूनेस्को की लिस्ट में शामिल हुए हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुबर दास ने कहा कि भारत के लिए आनंद और गर्व का क्षण है। यूनेस्को ने दीपावली को अपनी अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल किया है। यह हमारी परंपराओं की वैश्विक पहचान का अद्भुत सम्मान है। यह सम्मान हमारी संस्कृति की उस रोशनी को और दूर तक फैलाने का कार्य करेगा, जो अंधकार पर विजय का संदेश देती है।
मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि दीपावली का त्योहार यूनेस्को की सूची में शामिल होने पर देशवासियों को बधाई। दुनिया भर में दीपावली के पर्व को मनाने वाले अनुयायियों को भी बधाई।
भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दीपावली पर भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन की छटा श्रीराम मंदिर की स्थापना के बाद और निराली हो गई है। इसीलिए पूरा विश्व इस प्रकाश से चमत्कृत है और दीपावली को यूनेस्को की इनटेंजिबल हैरिटेज लिस्ट में शामिल किया गया है। यह पीएम मोदी के साथ करोड़ों श्रद्धालुओं की सच्ची भक्ति, आस्था और श्रद्धा का ही सुफल है।

