राष्ट्रपति मुर्मू-पीएम मोदी ने अरुणाचल प्रदेश में हुए भीषण हादसा पर जताया दुख, आर्थिक मदद की घोषणा

0
14

नई दिल्ली, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे पर दुख जताया। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले पीड़ितों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की।

अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में मजदूरों को ले जा रहा एक ट्रक पहाड़ी रास्ते से फिसलकर हजारों फीट गहरी खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि इस हादसे में कुछ मजदूरों की जानें चली गई हैं। यह हादसा हायलांग-चगलाघम मार्ग पर मेटेंगलियांग के पास हुआ है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में सड़क हादसे में लोगों की जान जाने की खबर सुनकर दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करती हूं।”

प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम नरेंद्र मोदी के हवाले से लिखा, ”अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में एक हादसे में लोगों की जान जाने से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से हर मृतक के परिवार को 2 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।”

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी हादसे पर दुख जताया और एक्स पोस्ट में लिखा, ”अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे की सूचना अत्यंत व्यथित करने वाली है। ट्रक दुर्घटना में मजदूरों की आकस्मिक मृत्यु अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकग्रस्त परिवारों को इस कठिन समय को सहने की शक्ति दें।”

बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने लिखा, ”अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे की खबर अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है। मैं दिवंगत आत्माओं के प्रति गहरी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति एवं अपने चरणों में स्थान दें। ईश्वर इस अपार दुख की घड़ी में शोकाकुल परिजनों को संबल, धैर्य और शक्ति प्रदान करें, यही कामना है।”