नई दिल्ली, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए के सांसदों के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया। इसमें लगभग सभी एनडीए के सांसद शामिल हुए। यह रात्रिभोज प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर आयोजित किया गया।
प्रधानमंत्री आवास पर आयोजित रात्रिभोज को लेकर भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि एनडीए के सभी सांसद पीएम मोदी का आभार प्रकट करते हैं, जिन्होंने सभी सांसदों को अपने आवास पर रात्रिभोज के लिए बुलाया। सबको मिलने और जानने का अवसर मिलेगा। हम सभी एक-दूसरे को औपचारिक रूप से जानते हैं, लेकिन जब दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता अपने आवास पर बुलाते हैं तो आप देख सकते हैं कि सभी सांसदों के चेहरे कितने खिले हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलने को लेकर जबरदस्त उत्साह है। प्रधानमंत्री के आवास पर रात्रिभोज है। इससे बड़ा कोई अवसर नहीं हो सकता। अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी ने एनडीए का गठन किया था, तब उस समय के सांसदों को मिलने और समझने का बहुत अवसर मिलता था। प्रधानमंत्री मोदी सिर्फ मुलाकात नहीं करते, बल्कि फीडबैक भी लेते हैं। कम्यूनिकेशन की जो ताकत पीएम मोदी में है, वह शायद किसी और में नहीं है। बिहार चुनाव में जीत के बाद पीएम मोदी ने बुलाया है, तो बंगाल की जीत के बाद फिर से भोज होगा।
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा कि हम लोग काफी उत्सुक हैं। यह डिनर पहले से ही प्लान किया गया था, लेकिन कुछ परिस्थितियों के कारण यह हो नहीं पाया था। फिर से पीएम मोदी द्वारा बुलाया गया है, यह पहली बार हुआ है। हमें सभी सांसदों से मिलने और उनके बारे में जानने का मौका मिलेगा।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि हमें लगातार विजय हासिल हुई है। प्रधानमंत्री हमें अपने आवास पर बुलाए, यह बहुत खुशी की बात है।
एलजेपी (राम विलास) सांसद शम्भावी चौधरी ने कहा कि बिहार चुनाव के बाद हम पीएम मोदी से मिलने जा रहे हैं, और इसमें कोई दो राय नहीं है कि एनडीए ने मिलकर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इस गठबंधन को साथ रखने में हमारे पीएम मोदी ने अहम भूमिका निभाई है। हम उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन लेने जा रहे हैं। यह एक अच्छा कदम है, और इसमें हम सभी संवाद कर सकेंगे।
जेडीयू सांसद रामप्रीत मंडल ने कहा, “यह खुशी की बात है। बिहार में जिस तरह से जीत हासिल हुई है, आज जेडीयू के लिए शुभ दिन है।”

