नमो भारत के साथ ‘ग्रीन क्रिसमस’, सांता ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

0
8

नई दिल्ली, 25 दिसंबर (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच क्रिसमस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने जन-जागरूकता का एक अनूठा और रचनात्मक अभियान शुरू किया। ‘नमो भारत के साथ एक ग्रीन क्रिसमस’ नामक इस विशेष अभियान के तहत सांता क्लॉज को ग्रीन और स्वच्छ परिवहन का ब्रांड एम्बेसडर बनाया गया।

इस पहल का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। यह दो दिवसीय अभियान 24 दिसंबर से शुरू हुआ, जिसमें एनसीआरटीसी ने उन यात्रियों का आभार भी व्यक्त किया, जो नमो भारत जैसे आधुनिक, तेज और पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधन को अपनाकर प्रदूषण कम करने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।

क्रिसमस के मौके पर आनंद विहार और गाजियाबाद नमो भारत स्टेशनों को विशेष रूप से सजाया गया। स्टेशनों पर आकर्षक क्रिसमस ट्री लगाए गए, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बन गया। बच्चों से लेकर बड़ों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रियों ने सांता क्लॉज के साथ तस्वीरें और सेल्फी लीं, जिससे नमो भारत की यात्रा यादगार बन गई। अभियान के दौरान एनसीआरटीसी के ‘सांता’ ने नमो भारत ट्रेनों में यात्रा कर यात्रियों से सीधे संवाद किया।

उन्होंने यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए धन्यवाद दिया और बच्चों व यात्रियों को चॉकलेट्स वितरित कीं। सांता ने यात्रियों को यह संदेश दिया कि नमो भारत जैसे सार्वजनिक परिवहन को चुनकर वे न केवल आरामदायक और समयबद्ध यात्रा कर रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और वायु प्रदूषण कम करने में भी अहम योगदान दे रहे हैं। यह जागरूकता अभियान केवल स्टेशनों और ट्रेनों तक सीमित नहीं रहा। सांता क्लॉज ने आनंद विहार, गाजियाबाद, साहिबाबाद और मुरादनगर सहित कई प्रमुख सड़कों और चौराहों पर वाहन चालकों से भी संवाद किया।

कार और बाइक चालकों को चॉकलेट्स देते हुए उनसे अपील की गई कि वे निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन को अपनाएं और स्वच्छ हवा के लिए अपना योगदान दें। एनसीआरटीसी का यह विशेष क्रिसमस अभियान मनोरंजन और उत्सव के माध्यम से लोगों को जोड़ने में सफल रहा। साथ ही, इस पहल ने दिल्ली-एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन और स्वच्छ मोबिलिटी को लेकर एक सकारात्मक और प्रेरक संदेश दिया।

इस अभियान में एनसीआरटीसी के संचालन भागीदार डीबी आरआरटीएस ऑपरेशंस इंडिया की भी सक्रिय भागीदारी रही। कुल मिलाकर, यह अभियान उत्सव के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावशाली कदम साबित हुआ।