Wednesday, July 15, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय तंजानिया-जाम्बिया रेलवे का आधुनिकीकरण चीन-अफ्रीका मित्रता की नई कहानी लिखेगा : प्रवक्ता

तंजानिया-जाम्बिया रेलवे का आधुनिकीकरण चीन-अफ्रीका मित्रता की नई कहानी लिखेगा : प्रवक्ता

0
26

बीजिंग, 2 जनवरी (आईएएनएस)। तंजानिया सरकार के प्रवक्ता एवं सूचना, संस्कृति, कला और खेल मंत्रालय के स्थायी सचिव गेर्सन मसिगवा ने हाल ही में तंजानिया-जाम्बिया रेलवे (ताजारा) के पुनर्सक्रियण और आधुनिकीकरण परियोजना की शुरुआत के अवसर पर चाइना मीडिया ग्रुप को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि यह परियोजना चीन-अफ्रीका की दीर्घकालिक मित्रता और सहयोग के नए अध्याय का प्रतीक बनेगी तथा अफ्रीका के आधुनिकीकरण को नई गति प्रदान करेगी।

मसिगवा ने बताया कि यह परियोजना रेलवे की संरचना और सुविधाओं के आधुनिकीकरण, परिवहन क्षमता में वृद्धि और क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क के एकीकरण पर केंद्रित है। इसके माध्यम से तंजानिया, जाम्बिया और आसपास के देशों के बीच संपर्क, व्यापार और आर्थिक विकास को महत्वपूर्ण प्रोत्साहन मिलेगा।

बता दें कि तंजानिया-जाम्बिया रेलवे, जिसे 1970 के दशक में चीन की पहली अंतरराष्ट्रीय सहायता रेलवे परियोजना के रूप में निर्मित किया गया था, 1,860.5 किलोमीटर लंबी एक रणनीतिक परिवहन धमनी है। इस रेलवे का नवीनीकरण न केवल तीनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों और सहयोग की निरंतरता को दर्शाता है।

मसिगवा ने जोर देकर कहा कि ताजारा रेलवे केवल तीनों देशों की गहरी मित्रता का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह संघर्ष, एकजुटता और दृढ़ता की भावना का प्रतिनिधित्व भी करती है। उनके अनुसार, इस रेलवे का उन्नयन अफ्रीकी आधुनिकीकरण में चीन के समर्थन की एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी और यह नए युग में चीन-अफ्रीका साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण में सार्थक भूमिका निभाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि तंजानिया-जाम्बिया रेलवे परियोजना के अलावा, तंजानिया और चीन के बीच सहयोग विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, कृषि, संस्कृति और खेल जैसे विविध क्षेत्रों में निरंतर विस्तार पा रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि चीनी विशेषज्ञ तंजानिया के विकास प्रयासों में लगातार सहयोग दे रहे हैं, और आधुनिक खेल स्टेडियमों, भवनों तथा राजमार्गों जैसी कई प्रमुख परियोजनाएं वर्तमान में निर्माणाधीन हैं।

मसिगवा ने यह भी कहा कि चीन समानता, पारस्परिक लाभ और आपसी सम्मान के सिद्धांतों पर आधारित एक विश्वसनीय साझेदार है। उन्होंने जोर दिया कि चीन ने अपने आधुनिक विकास अनुभवों और उपलब्धियों के माध्यम से न केवल तंजानिया, बल्कि पूरे अफ्रीका के आधुनिकीकरण के प्रयासों में नई ऊर्जा और गति प्रदान की है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)