Wednesday, July 15, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मुंबई महानगर पालिका में महायुति का महापौर बनेगा : मिलिंद देवड़ा

मुंबई महानगर पालिका में महायुति का महापौर बनेगा : मिलिंद देवड़ा

0
29

मुंबई, 2 जनवरी (आईएएनएस)। शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने मुंबई महानगर पालिका चुनाव को लेकर दावा किया कि मुंबई, एमएमआर क्षेत्र और पूरे महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के चुनावों में जनता ने महायुति को एक और अवसर देने का मन बना लिया है। उन्‍होंने कहा कि 16 जनवरी के बाद मुंबई महानगर पालिका में महायुति का महापौर बनेगा।

मिलिंद देवड़ा ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि जिस तरह महायुति उम्मीदवारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में निर्विरोध जीत हासिल की है, वह जनता के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि मुंबई, एमएमआर क्षेत्र और पूरे महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के चुनावों में जनता ने महायुति को एक और अवसर देने का मन बना लिया है।

मिलिंद देवड़ा ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य में सत्ता में होने के बाद 16 जनवरी के बाद मुंबई महानगर पालिका में भी महापौर भी महायुति का होगा। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से मुंबई महानगर पालिका, जो देश की सबसे समृद्ध और सबसे बड़ी नगरपालिका है, उसके बजट का आकार कई राज्य सरकारों के बजट से भी अधिक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि शिवसेना (यूबीटी) ने इस महानगर पालिका का दुरुपयोग किया और एटीएम की तरह इस्तेमाल किया। देवड़ा ने कहा कि जब महायुति मुंबई महानगर पालिका में सत्ता में आएगी, तब ‘एटीएम’ का अर्थ होगा “अकाउंटेबल टू मुंबईकर”, यानी मुंबईकरों के प्रति जवाबदेह प्रशासन।

मुंबई और एमएमआर क्षेत्र में हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को लेकर मिलिंद देवड़ा ने कहा कि यह विकास केवल अमीरों के लिए नहीं, बल्कि आम मुंबईकरों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। उन्होंने मुंबई मेट्रो का उदाहरण देते हुए कहा कि अपने व्यक्तिगत अनुभव के आधार पर वह कह सकते हैं कि मुंबई की मेट्रो लंदन, न्यूयॉर्क और पेरिस की मेट्रो से भी अधिक आधुनिक है। देवड़ा ने कहा कि यह हर मुंबईकर के लिए गर्व की बात है और महायुति का उद्देश्य आम लोगों को सशक्त बनाना है।