Sunday, June 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मुरली मनोहर जोशी का पूरा जीवन देश के लिए समर्पित रहा :...

मुरली मनोहर जोशी का पूरा जीवन देश के लिए समर्पित रहा : ब्रजेश पाठक

0
19

नई दिल्ली, 5 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पद्म विभूषण डॉ. मुरली मनोहर जोशी का सोमवार को 92वां जन्मदिन रहा। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दिग्गज नेता से मुलाकात कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “भाजपा के वरिष्ठ नेता हम सभी के अभिभावक मुरली मनोहर जोशी का जन्मदिन है। हम सभी कार्यकर्ता उन्हें बधाई देने पहुंचे। मुरली मनोहर जोशी का पूरा जीवन देश के आम नागरिकों और गरीबों के लिए समर्पित रहा।”

उन्होंने कहा, “भाजपा के स्थापना काल से ही उन्होंने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भर कर इस देश को नेतृत्व और मार्गदर्शन देने का काम किया है। ऐसे अवसर पर हम उन्हें उत्तर प्रदेश के लोगों की तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएं देते हैं। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वे लगातार हमें इसी तरह अपना आशीर्वाद देते रहें।”

ब्रजेश पाठक ने यूपी सरकार के गर्वनेंस की तारीफ करते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बेहतर और अच्छे से काम कर रही है। आज के समय में हम रेवेन्यू सरप्लस स्टेज पर हैं। हमारा इन्फ्रास्ट्रक्चर पूरे राज्य में नंबर एक की तरफ है।”

उन्होंने कहा, “सड़क, पानी, स्कूल, अस्पताल जो आधारभूत आवश्यकताएं हैं, उसमें हम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं। पीएम मोदी ने अधिक संख्या में लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर निकालकर उनको सुविधापूर्ण जीवन जीने का हक दिया है। इसके अलावा यूपी के लॉ एंड ऑर्डर की चर्चा हर तरफ है। निवेश की दुनिया में भी उत्तर प्रदेश देश और दुनिया के बड़े उद्योगपतियों का सबसे अच्छा डेस्टिनेशन बन चुका है।”

इसके अलावा मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने भी मुरली मनोहर जोशी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “मैं डॉ. जोशी के चरणों में नमन करता हूं। हमारे जीवन में कभी कोई प्रश्न खड़े होते हैं, तो उसका समाधान कोई प्रत्यक्ष है, तो वो डॉ. जोशी हैं, यह मेरी व्यक्तिगत राय हमेशा रही है। हम सौभाग्यशाली हैं कि मुरली मनोहर जोशी के 92वें जन्मदिन पर हम उन्हें प्रणाम कर पा रहे हैं, उन्हें शुभकामनाएं दे पा रहे हैं, और उनसे आशीर्वाद ले पा रहे हैं।”