Tuesday, July 28, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बिहार में ठंड ने लोगों को ठिठुराया, गयाजी में 4.1 डिग्री सेल्सियस...

बिहार में ठंड ने लोगों को ठिठुराया, गयाजी में 4.1 डिग्री सेल्सियस तक पारा लुढ़का

0
35

पटना, 8 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार में नए साल के आगमन के बाद भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। पटना सहित राज्य के विभिन्न जिलों में धूप न निकलने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर कम दर्ज किया जा रहा है।

पटना मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को गयाजी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भागलपुर के सबौर का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस और पटना का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य का न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस से 9.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं दर्ज किया गया। विगत 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहा। राज्य के दरभंगा में भीषण शीत दिवस तथा छपरा एवं वाल्मीकिनगर में शीत दिवस दर्ज किया गया।

पटना में गुरुवार को दोपहर के बाद धूप निकली लेकिन तपिश न के बराबर रही। उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता कम रही। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक स्थानों के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं दर्ज किया गया है। अगले पांच से सात दिनों में मौसम में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है जिसके कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बहुत अंतर आने की उम्मीद नहीं है।

राज्य के दक्षिण, उत्तर-पूर्वी और उत्तर-मध्य भागों में शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी। पटना जिले में ठंड के कारण जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने जिले के सभी निजी, सरकारी विद्यालयों (प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्रों सहित) में 8वीं कक्षा तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 11 जनवरी तक प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं, 8वीं से ऊपर की कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियां पूर्वाह्न 10:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे के बीच संचालित करने के निर्देश दिए हैं।