Monday, June 22, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति ममता सरकार के कार्यकाल में महिलाएं असुरक्षित: अग्निमित्रा पॉल

ममता सरकार के कार्यकाल में महिलाएं असुरक्षित: अग्निमित्रा पॉल

0
23

कोलकाता, 10 जनवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने चुनाव, महिला मतदाताओं और विपक्षी दलों पर तीखे बयान दिए।

उन्होंने शनिवार को आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि विधानसभा चुनाव में अब करीब 90 से 100 दिन का समय बचा है और भाजपा पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुकी है।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि पश्चिम बंगाल में लगभग 50 प्रतिशत मतदाता महिलाएं हैं। यह धरती मां काली और मां दुर्गा की भूमि है और अगर इसमें महिलाओं की भागीदारी नहीं होगी तो राज्य का भविष्य कैसे तय होगा?

उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के मुद्दों को गंभीरता से उठा रही है और पार्टी ने पूरी तैयारी के साथ चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया है।

भाजपा विधायक ने दावा किया कि इस बार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सत्ता में वापसी नहीं हो पाएगी। ममता बनर्जी सरकार के दौरान पश्चिम बंगाल में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति ने जनता को निराश किया है और यही कारण है कि महिलाएं अब बदलाव चाहती हैं।

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पर निशाना साधते हुए अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि कांग्रेस वही पार्टी है जिसने तृणमूल कांग्रेस को जन्म दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि अधीर रंजन बाबू किस तरह की राजनीति की बात कर रहे हैं?

उन्होंने आरोप लगाया कि अधीर रंजन चौधरी के चुनाव प्रचार में उनके ही नेता राहुल गांधी एक बार भी प्रचार करने नहीं आए। इसके पीछे कारण यह था कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नहीं चाहती थीं कि राहुल गांधी पश्चिम बंगाल आएं।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यह पूरा मामला कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच की राजनीतिक सेटिंग को दिखाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब नेतृत्व ही मजबूती से साथ खड़ा नहीं है तो जनता से किस तरह के समर्थन की उम्मीद की जा सकती है।