Sunday, July 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति पीएम मोदी और नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा लक्ष्य हासिल करेगी:...

पीएम मोदी और नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा लक्ष्य हासिल करेगी: नरेश बंसल

0
26

नई दिल्ली, 20 जनवरी (आईएएनएस)। भाजपा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा अपना लक्ष्य हासिल करेगी।

नई दिल्ली में भाजपा सांसद नरेश बंसल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता छोटे हो या बड़े, हर चुनाव पर पूरी तरह फोकस करते हैं। पार्टी का नेतृत्व भी पूरी कोशिश करता है ताकि हमें जनता का आशीर्वाद और समर्थन मिले। पांच राज्यों में होने वाले चुनावों में नितिन नबीन के नेतृत्व में और प्रधानमंत्री मोदी तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में भाजपा निश्चित रूप से अपना लक्ष्य हासिल करेगी।

नितिन नबीन द्वारा भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद नरेश बंसल ने कहा कि मैं नितिन नबीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 वर्षों में परिवारवाद की वजह से देश की राजनीति को पूरी तरह धरातल पर ले जाने का काम किया है। क्षेत्रीय दलों ने भी भारतीय राजनीति के आदर्श मूल्यों को नुकसान पहुंचाया है। भाजपा राष्ट्र प्रथम के मूल्यों पर चलती है। हमारी पार्टी में अध्यक्ष बदलता है, लेकिन आदर्श नहीं बदलते।

भाजपा सांसद ने पीएम मोदी के घुसपैठ वाले बयान पर कहा कि पूरी दुनिया इस समस्या से परेशान है। सबसे ताकतवर देश भी इस बात से जूझ रहे हैं कि उनकी आबादी बदल रही है और घुसपैठिए संसाधनों को बर्बाद कर रहे हैं, इसलिए सभी ताकतवर देश घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें अपने देश से बाहर निकाल रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सही कहा है कि हमें यह ध्यान रखना है कि घुसपैठिए हमारे नागरिकों के अधिकारों पर हक न जमा पाएं। उन्हें चिह्नित करके बाहर निकाला जाना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी के बयान पर कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। जनता के बीच कांग्रेस की विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है।

भाजपा सांसद ने कर्नाटक कांग्रेस का जिक्र करते हुए कहा कि कर्नाटक कांग्रेस में गहरा आंतरिक कलह चल रहा है। सरकार एक तरफ से ठप है, विकास कार्य रुके हुए हैं, गुटबाजी चरम पर है, और एक-दूसरे को नीचा दिखाने का काम किया जा रहा है। विकास कार्य न होने से जनता के काम नहीं हो रहे हैं।