गोपीचंद मीणा ने संभाली राजस्थान भाजपा एसटी मोर्चा की कमान, जयपुर में किया पदभार ग्रहण

0
12

जयपुर, 22 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजस्थान के अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष गोपीचंद मीणा ने गुरुवार को जयपुर स्थित पार्टी कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि प्रदेश में लोगों को परेशानी न हो।

गोपीचंद मीणा ने कार्यक्रम में संगठन को मजबूत करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

पदभार ग्रहण करने के बाद गोपीचंद मीणा ने कहा कि एसटी मोर्चा की प्राथमिक जिम्मेदारी सरकार की योजनाओं और नीतियों को जनजातीय समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे, इसके लिए संगठन स्तर पर निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी कार्यकर्ता या आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं के सम्मान व उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने एसटी समाज के युवाओं, महिलाओं और किसानों को पार्टी से जोड़ने पर विशेष जोर देने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक समरसता और विकास को पार्टी की मूल भावना बताया।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ संगठन के लोग अनुसूचित जनजाति के लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते हैं, लेकिन उनको यह नहीं पता कि इसमें जनता नहीं आने वाली है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने गोपीचंद मीणा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनका संगठनात्मक अनुभव और जनजातीय समाज के बीच उनकी मजबूत पकड़ पार्टी के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। राठौड़ ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में एसटी मोर्चा नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगा और पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत करेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन विस्तार और आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पार्टी की नीतियों, आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक रणनीतियों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।