गणतंत्र दिवस के मद्देनजर रेलवे में दिल्ली की पार्सल बुकिंग पर अस्थायी रोक

0
17

भोपाल, 22 जनवरी (आईएएनएस)। देश की राजधानी दिल्ली की गणतंत्र दिवस के मौके पर सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने पार्सल बुकिंग पर अस्थायी रोक लगा दी है। भोपाल रेल मंडल सहित अन्य रेल मंडलों से दिल्ली के लिए पार्सल नहीं भेजे जा सकेंगे।

भोपाल रेल मंडल की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया है कि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान दिल्ली क्षेत्र में विशेष सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा दिल्ली क्षेत्र के लिए पार्सल बुकिंग पर चार दिनों की अस्थायी रोक लगाई गई है। यह आदेश भोपाल मंडल सहित सभी संबंधित रेल मंडलों पर समान रूप से लागू रहेगा।

रेलवे द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, 23 से 26 जनवरी तक दिल्ली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्टेशनों नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली सराय रोहिल्ला एवं आदर्श नगर दिल्ली के लिए सभी प्रकार के पार्सलों के लेन-देन पर अस्थायी प्रतिबंध रहेगा।

बताया गया है कि चार दिन की इस अवधि में पार्सल गोदामों का संचालन तथा रेलवे पार्सल पैकेजिंग से जुड़ी गतिविधियां बंद रहेंगी। इसके अंतर्गत सभी स्टेशनों पर लीज पर दिए गए एसएलआर, एजीसी एवं वीपीएस के माध्यम से होने वाले अंदर एवं बाहर के समस्त पार्सल ट्रैफिक पर भी रोक रहेगी। रेलवे के निर्देशों के अनुसार, इस दौरान यात्री कोचों में यात्रियों को केवल व्यक्तिगत उपयोग का सामान ही ले जाने की अनुमति होगी।

वहीं, पंजीकृत समाचार पत्रों एवं पत्रिकाओं की बुकिंग संबंधित वाणिज्यिक औपचारिकताओं की पूर्ति के पश्चात ही की जा सकेगी। यह आदेश देश के सभी रेल मंडलों एवं क्षेत्रीय जोनों से दिल्ली क्षेत्र में रुकने वाली ट्रेनों की लोडिंग एवं अनलोडिंग गतिविधियों पर भी समान रूप से लागू रहेगा। इसके अलावा, रेलवे की ओर से अन्य सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध गणतंत्र दिवस सहित अन्य विशेष अवसरों पर किए जाते हैं। विशेष चेकिंग अभियान भी चलाया जाता है।