Sunday, August 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय सीएम रेखा गुप्ता ने मोरारी बापू रामकथा में लिया भाग, विश्व शांति...

सीएम रेखा गुप्ता ने मोरारी बापू रामकथा में लिया भाग, विश्व शांति मिशन के लिए एक माह का वेतन किया समर्पित

0
41

नई दिल्ली, 22 जनवरी (आईएएनएस)। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित मोरारी बापू की नौ दिवसीय रामकथा में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने विश्व शांति केंद्र मिशन के लिए अपने एक माह के वेतन की राशि समर्पित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मोरारी बापू की रामकथा सेवा, करुणा और राष्ट्र के नैतिक संस्कारों का संदेश देती है। यह आयोजन समाज में सकारात्मक चेतना जागृत करता है।

इसके पश्चात जैन आचार्य लोकेश मुनि के मार्गदर्शन और प्रेरणा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिंसा विश्व भारती एवं विश्व शांति केंद्र द्वारा निरंतर किए जा रहे सेवा, सद्भाव और लोककल्याण के कार्य अत्यंत प्रेरणादायक हैं। आचार्य लोकेश मुनि के नेतृत्व में यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक चेतना, अहिंसा और विश्व शांति के संकल्प को सशक्त करता है।

इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष रामनाथ कोविंद ने मुख्यमंत्री द्वारा विश्व शांति केंद्र मिशन के लिए एक माह का वेतन समर्पित करने को समाज के लिए प्रेरक उदाहरण बताया।

रामकथा के दौरान मोरारी बापू ने कहा कि सनातन धर्म शाश्वत और सार्वभौम है। उन्होंने जैन आचार्य लोकेश को व्यासपीठ पर आमंत्रित कर स्नेहासिक्त आशीर्वाद दिया तथा मुख्यमंत्री के यमुना को शीघ्र स्वच्छ बनाने के संकल्प की सराहना की।