Monday, July 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस पर किसान एकता का प्रदर्शन, ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकालकर अधिकारों...

गणतंत्र दिवस पर किसान एकता का प्रदर्शन, ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकालकर अधिकारों का दिया संदेश

0
20

नोएडा, 26 जनवरी (आईएएनएस)। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन द्वारा नोएडा में भव्य ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना ने किया।

देशभक्ति, एकता और किसानों के अधिकारों के संदेश के साथ निकली यह तिरंगा यात्रा नोएडा सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन से प्रारंभ होकर पंचमुखी हनुमान मंदिर, पुलिस चौकी के निकट ग्राम शाहदरा पहुंचकर संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा के दौरान ट्रैक्टरों पर राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए किसान और मजदूर देशभक्ति गीतों पर डीजे के साथ उत्साहपूर्वक आगे बढ़ते नजर आए।

यात्रा के समापन स्थल पर तिरंगा झंडा फहराया गया, जिसके बाद हजारों की संख्या में मौजूद किसान, मजदूर और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और देशभक्ति के जयकारे लगाए। इस अवसर पर क्षेत्र के युवाओं ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य कर माहौल को और भी जोशपूर्ण बना दिया।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पवन खटाना ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन देश के लिए गौरव का दिन है। 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर निकाली गई यह ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा देश को एक सकारात्मक और मजबूत संदेश देगी। उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराया था, लेकिन आज भी किसान अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्राधिकरण द्वारा किसानों के साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है, जिसके चलते क्षेत्र के किसान आए दिन आंदोलन करने और अपने हक की लड़ाई लड़ने को विवश हैं।

पवन खटाना ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और जब तक किसानों के अधिकारों की रक्षा नहीं होगी, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। तिरंगा यात्रा के माध्यम से किसानों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी एकता और ताकत का प्रदर्शन किया है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और पूरे आयोजन में देशभक्ति, अनुशासन और किसान एकता की झलक साफ दिखाई दी।