Thursday, May 28, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth वनमाली कथा सम्मान समारोह : पद्मश्री प्रह्लाद सिंह टिपाण्या एवं साथियों के...

वनमाली कथा सम्मान समारोह : पद्मश्री प्रह्लाद सिंह टिपाण्या एवं साथियों के द्वारा कबीर गायन की प्रस्तुति

0
154

भोपाल : 25 फरवरी/ सुप्रतिष्ठित कथाकार, शिक्षाविद् तथा विचारक स्वर्गीय जगन्नाथ प्रसाद चौबे ‘वनमाली’, के रचनात्मक योगदान और स्मृति को समर्पित संस्थान वनमाली सृजन पीठ, रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय एवं आईसेक्ट पब्लिकेशन के द्वारा तीन दिवसीय राष्ट्रीय वनमाली कथा सम्मान समारोह का आयोजन 26 से 28 फरवरी तक रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय परिसर में किया जा रहा है।

इस बार दस अलग-अलग श्रेणियों में रचनाकारों को वनमाली कथा सम्मानों से अलंकृत किया जायेगा जिनमें ‘वनमाली कथाशीर्ष सम्मान’ से सुप्रसिद्ध लेखिका स्व. उषा किरण खान (पटना) को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। ‘वनमाली राष्ट्रीय कथा सम्मान’ से वरिष्ठ कथाकार शिवमूर्ति (लखनऊ) को सम्मानित किया जायेगा। दोनों ही रचनाकारों को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान कर अलंकृत किया जायेगा।

‘वनमाली कथा मध्यप्रदेश सम्मान’ वरिष्ठ कथाकार डॉ. ज्ञान चतुर्वेदी (भोपाल) को, ‘वनमाली युवा कथा सम्मान’ युवा कथाकार आशुतोष (सागर) को, ‘वनमाली कथा आलोचना सम्मान’ आलोचक राकेश बिहारी (प्रयागराज) को, ‘वनमाली कथा पत्रिका सम्मान’ लखनऊ से प्रकाशित चर्चित पत्रिका ‘तद्भव’ को प्रदान किये जायेंगे। ‘वनमाली प्रवासी भारतीय रचनाकार सम्मान’ वरिष्ठ कथाकार तेजेन्द्र शर्मा (लंदन) को और ‘वनमाली कथेतर सम्मान’ अनिल यादव (दिल्ली) को तथा ‘वनमाली विशिष्ट कथा सम्मान’ सुश्री प्रत्यक्षा (दिल्ली) को प्रदान किया जायेगा। इसके अलावा अरविंद मिश्र को ‘वनमाली विज्ञान कथा सम्मान’ प्रदान किया जाएगा इन सभी सम्मानित रचनाकारों को शॉल-श्रीफल प्रशस्ति पत्र एवं इक्यावन-इक्यावन हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान कर अलंकृत किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिष्ठित साहित्यकार ममता कालिया उपस्थित रहेंगी। इसके अलावा जापान के हिंदी एवं भारतीय भाषा विद्वान पद्मश्री तोमियो मिजोकामी के आत्मीय सान्निध्य में कार्यक्रम का आयोजन होगा। अध्यक्षता संतोष चौबे करेंगे।

पुस्तक लोकार्पण एवं चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन

कार्यक्रम के पहले दिन आईसेक्ट पब्लिकेशन द्वारा प्रकाशित पुस्तकों की प्रदर्शनी और वनमाली जी के जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद अलंकरण सत्र में वनमाली कथा पत्रिका, वनमाली वार्ता, सहमत, सम्पूर्ण कहानियां वनमाली जी, परंपरा और आधुनिकता, स्मारिका, ब्रोशर का लोकार्पण होगा।

पहले दिन कबीर गायन से सजेगा मंच

कार्यक्रम के तहत पहले दिन की शुरुआत पद्मश्री प्रह्लाद सिंह टिपाण्या एवं साथियों के द्वारा कबीर गायन की प्रस्तुति से होगी। फिर शाम के सत्र में टैगोर नाट्य विद्यालय के छात्रों द्वारा होली गीत की प्रस्तुति संतोष कौशिक के निर्देशन में होगी।