प्रो रेसलिंग लीग 2026: ‘आखिरी कुछ सेकंड में मैच बदल गया,’ सेमीफाइनल में हार के बाद बोले महाराष्ट्र कोच अनिल मान

0
11

नोएडा, 1 फरवरी (आईएएनएस)। नोएडा इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में दिल्ली दंगल वॉरियर्स ने बेहद रोमांचक मुकाबले में महाराष्ट्र केसरी को 5-4 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के साथ दिल्ली की टीम अब रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में हरियाणा थंडर्स से भिड़ेगी।

हार के बावजूद महाराष्ट्र केसरी के मुख्य कोच अनिल मान ने अपनी टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताया और कहा कि मुकाबला बेहद करीबी रहा। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, “यह एक कड़ा मुकाबला था और सामने वाली टीम बहुत मजबूत थी। कुछ बाउट्स में हम जीत के बेहद करीब थे, लेकिन आखिरी कुछ सेकंड में मैच हार में बदल गया। यह काफी हद तक बदकिस्मती की वजह से हुआ।”

अनिल मान ने युवा पहलवानों के लिए लीग के महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस मंच पर जूनियर खिलाड़ी ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियन जैसे दिग्गजों के साथ मुकाबला कर रहे हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। सीनियर खिलाड़ियों के साथ खेलने में जो डर या झिझक होती है, वह अब काफी हद तक खत्म हो गई है।

कोच ने लीग के नए और रोमांचक फॉर्मेट की भी तारीफ की, खासतौर पर ‘पावर मिनट’ की।

उन्होंने कहा, “पावर मिनट ने मुकाबलों को ज्यादा रोमांचक बना दिया है। कई बार जब कोई खिलाड़ी पीछे चल रहा होता है, तो उसे लगता है कि वापसी संभव नहीं है। लेकिन पावर मिनट यह भरोसा देता है कि आखिरी क्षणों में भी मैच पलटा जा सकता है।”

मैच की बात करें तो दिल्ली ने शुरुआत में 62 किलोग्राम महिला वर्ग में अंजली की जीत से बढ़त बनाई। इसके बाद महाराष्ट्र ने शानदार वापसी करते हुए मनीषा भानवाला और टीम के कप्तान रॉबर्ट बारान की जीत से स्कोर 3-1 कर लिया। निशु भानवाला की करीबी जीत ने महाराष्ट्र की स्थिति और मजबूत कर दी, जिससे दिल्ली की टीम बाहर होने के कगार पर पहुंच गई, लेकिन दिल्ली ने यहीं से जबरदस्त वापसी की।

57 किलोग्राम पुरुष वर्ग में शुभम कौशिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला। इसके बाद अनास्तासिया अल्पयेवा और वफाएईपौर हादी बख्तियार ने अहम मुकाबले जीतकर दिल्ली को फिर से बढ़त दिलाई।

अंत में 74 किलोग्राम वर्ग में तुरान बायरामोव ने कड़े मुकाबले में क्राइटेरिया के आधार पर जीत हासिल कर दिल्ली की जीत पक्की कर दी। हालांकि आखिरी मुकाबला फॉरफिट के जरिए तय हुआ, लेकिन तब तक नतीजा साफ हो चुका था और दिल्ली दंगल वॉरियर्स ने 5-4 से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली।

महाराष्ट्र की मनीषा भानवाला को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए ‘फाइटर ऑफ द मैच’ चुना गया, हालांकि उनकी टीम फाइनल में पहुंचने से एक कदम दूर रह गई।