आर्थिक मजबूती और दीर्घकालिक विकास का रोडमैप है केंद्रीय बजट: पंकज चौधरी

0
5

लखनऊ, 1 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला जनोन्मुखी और दूरदर्शी बजट बताया है।

उन्होंने बजट के लिए प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह आम बजट देश की आर्थिक मजबूती, सामाजिक संतुलन और दीर्घकालिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सक्षम नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट भारत की आर्थिक गति को नई ऊर्जा देने वाला है। उन्होंने कहा कि बजट निर्माण प्रक्रिया का हिस्सा होने के नाते वे पूरे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि केंद्रीय बजट 2026-27 आर्थिक विकास को तेज करने, नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने, युवाओं को दक्ष एवं पेशेवर बनाने तथा किसानों की आय बढ़ाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को लगातार नौवीं बार संसद में बजट प्रस्तुत करने की ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह न केवल नारी नेतृत्व की सशक्त मिसाल है, बल्कि भारत के संसदीय इतिहास का भी स्वर्णिम अध्याय है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बजट जन-आकांक्षाओं और राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के बीच संतुलन का उत्कृष्ट उदाहरण है। पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन से प्रेरित यह बजट गरीब, मध्यम वर्ग, महिला, युवा और वंचित वर्ग के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान को मजबूती प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि बजट में उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के सर्वांगीण विकास का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। दिल्ली-वाराणसी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर सहित सात हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं की घोषणा से कनेक्टिविटी, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को नई दिशा मिलेगी। दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को उन्होंने विकास की नई परिभाषा बताया। इसके साथ ही बनारस और पटना में जहाज मरम्मत सुविधा तथा पांच वर्षों में कार्बन कैप्चर के लिए 20 हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव को भी महत्वपूर्ण बताया।

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर बजट के फोकस का उल्लेख करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और मत्स्य पालन और पशुपालन को सशक्त करने के प्रावधान ग्रामीण विकास को गति देंगे। कोकोनट, काजू और कोको जैसे कृषि आधारित उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

आयुष क्षेत्र को लेकर उन्होंने कहा कि तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना, आयुष फार्मेसी और औषधि परीक्षण प्रयोगशालाओं के उन्नयन तथा जामनगर स्थित डब्ल्यूएचओ के वैश्विक पारंपरिक चिकित्सा केंद्र को सशक्त करने से आयुर्वेद को नई पहचान मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भारत को वैश्विक जैव-फार्मा विनिर्माण हब बनाने के लिए बायोफार्मा शक्ति योजना लाई गई है। वहीं इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट विनिर्माण योजना के तहत परिव्यय बढ़ाकर 40 हजार करोड़ रुपए किए जाने से तकनीकी आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा।

पंकज चौधरी ने कहा कि बजट वर्तमान चुनौतियों के समाधान के साथ-साथ आने वाले वर्षों के लिए मजबूत आर्थिक आधार तैयार करता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने में निर्णायक साबित होगा।