पटना, 1 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आम बजट को लेकर कहा कि यह ऐतिहासिक बजट पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने वाला है।
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि पीएम मोदी के सपनों को साकार करने वाला भारत है। पीएम मोदी का संकल्प विकसित भारत का संकल्प है और यह बजट उसी संकल्प को पूरा करने वाला बजट है।
नित्यानंद राय ने कहा कि विकसित भारत के चार स्तंभ-युवा, महिला, किसान और गरीब को सशक्त बनाने वाला यह बजट है। यह बजट युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों को सशक्त बनाकर, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देकर प्रधानमंत्री मोदी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यह बजट भारत को दुनिया की सर्वोच्च अर्थव्यवस्था का स्थान दिलाने में भी सहायक सिद्ध होगा। एक्स पोस्ट में केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किया गया बजट 2026-27, विकसित भारत की दिशा में एक सार्थक एवं महत्वपूर्ण कदम है।
यह बजट न केवल प्रत्येक क्षेत्र, वर्ग और नागरिक को सशक्त बनाने का एक स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है, बल्कि उन्हें प्रोत्साहित करने वाला एक व्यावहारिक और जमीनी दृष्टिकोण भी देता है। प्रत्येक जिले में महिला छात्रावास की स्थापना से महिलाओं की शिक्षा में सहभागिता बढ़ेगी।
साथ ही ‘महात्मा गांधी ग्राम स्वराज योजना’ की शुरुआत से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और बुनकरों, किसानों और हथकरघा उद्योग को नया संबल प्राप्त होगा। वहीं सात हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के निर्माण और आधुनिक परिवहन नेटवर्क के विकास से आम जनजीवन और अधिक सुगम होगा। चाहे स्वास्थ्य हो या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, खेल हों या तीर्थ, मैन्युफैक्चरिंग हो या इंफ्रास्ट्रक्चर, इस बजट में हर क्षेत्र को ध्यान में रखा गया है।
विकसित भारत बजट 2026–27 एक ऐसे सशक्त भारत के निर्माण का दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है, जो वैश्विक स्तर पर प्रत्येक क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

