भारत-अमेरिका ट्रेड डील को विपक्ष समझ ही नहीं पाया है : शाइना एनसी

0
25

मुंबई, 8 फरवरी (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर विपक्ष और कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अब तक यह भी ठीक से नहीं समझ पाया है कि यह ट्रेड डील आखिर है क्या।

शाइना एनसी के मुताबिक, यह समझौता भारत के हित में है और इससे खास तौर पर देश के किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने उत्पादों के निर्यात का बड़ा अवसर मिलेगा।

उन्होंने आईएएनएस से कहा कि भारत सरकार ने इस ट्रेड डील के जरिए देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है। यह समझौता न केवल व्यापार को बढ़ावा देगा, बल्कि भारत की आर्थिक स्थिति को भी सशक्त करेगा। विपक्ष बिना पूरी जानकारी के इस डील का विरोध कर रहा है, जबकि इसके फायदे देश के किसानों, उद्योगों और अर्थव्यवस्था को मिलने वाले हैं।

इस दौरान शाइना एनसी ने देश में रह रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में सक्रिय रूप से जांच कर रही है। मुंबई में हाल ही में 12 बांग्लादेशी ट्रांसजेंडर नागरिकों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ डिपोर्टेशन यानी निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

राजनीतिक मुद्दों पर बात करते हुए शाइना एनसी ने मुंबई में महिला नेतृत्व को लेकर भी अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात से कोई आपत्ति नहीं है कि कोई ‘महिला लाड़की बहीण’ महापौर बने, लेकिन उन्होंने विपक्ष को साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जाति, पंथ और धर्म के आधार पर तुष्टिकरण की राजनीति नहीं होनी चाहिए।

इस्लाम पार्टी और एआईएमआईएम के गठबंधन पर तंज कसते हुए शाइना एनसी ने कहा कि यह गठबंधन लोगों को जोड़ने के बजाय समाज को तोड़ने का काम कर रहा है।