अयोध्या, 11 फरवरी (आईएएनएस)। हरियाणा के फरीदाबाद की जेल में हत्या के बाद आतंकी अब्दुल रहमान का शव उसके गांव पहुंचा है, जहां उसे दफनाया जाएगा। गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की भी मौजूदगी है।
जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद से अब्दुल के शव को लेकर उसके पिता और परिवार के लोग अयोध्या पहुंचे, जहां से उसे जनपद के थाना इनायतनगर के मजनाई गांव ले जाया गया। गांव के कब्रिस्तान में ही उसे दफन किया जाएगा।
फरीदाबाद जिले की नीमका जेल में आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या की गई। यह हमला जेल में ही हुआ, जहां एक अन्य कैदी ने नुकीली चीज से उसके सिर पर हमला किया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि हमलावर का नाम अरुण चौधरी है, जो कश्मीरी युवक है। रविवार रात को उसने अब्दुल रहमान पर हमला किया।
यह घटना बैरक नंबर 3 के पास रात करीब 2 बजे हुई। बताया गया कि तीखी बहस के दौरान अरुण चौधरी ने रहमान पर धारदार हथियार से वार किया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आतंकी की हत्या के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अब्दुल रहमान को 2 मार्च 2025 को पाली गांव के पास से पकड़ा गया था। उस समय उसके पास दो हैंड ग्रेनेड थे। आरोप थे कि वह अयोध्या में धमाका करने की साजिश रच रहा था। अब्दुल रहमान के पास कुछ वीडियो भी मिले थे, जिनमें राम मंदिर से जुड़ी संवेदनशील जानकारी थी। इसे देखते हुए एसटीएफ की टीम ने उसे गिरफ्तार किया था। उसके पास पाए गए दो हैंड ग्रेनेड को तुरंत डिफ्यूज कर दिया गया।
जेल में बंद आतंकी अब्दुल रहमान पर हमला करने और उसकी जान लेने वाला आरोपी पहले जम्मू-कश्मीर की जेल में बंद था, जिसे बाद में फरीदाबाद जेल में शिफ्ट किया गया था। वह भी हाई सिक्योरिटी बैरक में बंद था।

