Friday, July 10, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति बिहार: सोशल मीडिया तक पहुंची राजद और जदयू की ‘जुबानी जंग’

बिहार: सोशल मीडिया तक पहुंची राजद और जदयू की ‘जुबानी जंग’

0
27

पटना, 11 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान दोनों सदनों में राजद और जदयू के बीच छिड़ी जुबानी जंग अब सोशल मीडिया तक पहुंच गई है। राजद और जदयू दोनों अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक-दूसरे पर हमलावर हैं।

राजद ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट के वॉल पर लिखा, “अगर ‘जिंदा लाश’ कुछ समय और गद्दी पर बैठा रहा तो बिहार ‘जिंदा मुर्दा’ बन जाएगा।” राजद ने इस पोस्ट के साथ हैशटैग भी इस्तेमाल किया, जिसे सीधे तौर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना माना जा रहा है।

इधर, राजद के इस पोस्ट के बाद सत्तारूढ़ जदयू ने भी पलटवार करने में देरी नहीं की। जदयू ने राजद के इस पोस्ट के जवाब में बुधवार को लिखा, “खुद को गलाकर, बिहार में जान फूंक दिया, नर्क से निकाल, सपनों का बिहार रच दिया। काश ऐसा ‘लाश’ तुम्हारा बाप भी होता, कम से कम बिहार अपना अस्तित्व तो न खोता।”

इस पोस्ट में आगे लिखा गया, “तुम्हारे मां-बाप तो जिंदा थे न? पर स्वार्थ की आग में उन्होंने बिहार जला दिया, खून चूसकर राज्य को जिंदा लाश बना दिया।” इस पोस्ट के साथ हैशटैग ‘9वीं फेल लुटेरा’ लिखा गया।

विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की नोंकझोंक और फिर मंत्री अशोक चौधरी और राजद के एमएलसी सुनील सिंह की तनातनी के बाद सोशल मीडिया के इस जंग के बाद माना जा रहा है कि जुबानी जंग और तेज होगी।

मंगलवार को सदन में ऐसी गर्मागर्मी देखने को मिली कि विधान परिषद के सभापति को विपक्षी सदस्यों को दिनभर के लिए मार्शल आउट करना पड़ा। वैसे जदयू के नेता का कहना है कि शुरुआत उन्होंने की है, हम तो केवल जवाब दे रहे हैं।

बता दें कि राजद इन दिनों प्रदेश में आपराधिक घटनाओं की वृद्धि का आरोप लगाते हुए सरकार पर हमलावर है। विपक्ष नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है।