एनडीए के नेताओं ने राहुल गांधी पर कसा तंज, कहा- ‘सदन की गरिमा को पहुंचा रहे ठेस’

0
10

नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। संसद में बजट सत्र के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बयानों को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। एनडीए के सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों ने राहुल गांधी पर बिना तथ्यों के आरोप लगाने, सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने और संसदीय परंपराओं का उल्लंघन करने के आरोप लगाए हैं।

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “गंभीर पद पर बैठे व्यक्ति को अपनी मर्यादा और जिम्मेदारी समझनी चाहिए। ऐसे मुझे लगता है ये विशेषाधिकार प्रस्ताव एक अधिकार है। हर किसी के पास कि अगर कोई ऐसी बातें करता है, जिसका कोई मायने नहीं है तो ऐसा कदम उठाया जा सकता है। अभी ये होगा या नहीं, ये अभी कंफर्म नहीं है।”

केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “बजट सत्र बहुत महत्वपूर्ण होता है, लेकिन विपक्ष के सांसदों को न अपनी गरिमा का ख्याल है, न ही संसद की गरिमा का ख्याल है। उन्होंने बजट सत्र में व्यवधान पैदा करने का काम किया है। मुझे लगता है कि यह सभी के लिए बहुत अच्छा बजट है।”

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “राहुल गांधी जिस तरह से बयान देते हैं, वह सही नहीं है। इनके पास कोई आधार भी नहीं होता है। कांग्रेस के सांसदों को स्पीकर से मिलने का और उनसे बात करने का अधिकार है, लेकिन स्पीकर को धमकी देना, यह भारत के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है। यह रवैया बिलकुल ठीक नहीं है।”

जेडीयू राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा, “अब तो लेखक और पब्लिशर दोनों ने कहा है कि किताब नहीं छपी है। विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लगता है कि वो सभी नियम-कानूनों के ऊपर हैं, उन पर कुछ लागू नहीं होता। वो पूरी राजनीति करना चाहते हैं। वो लोकसभा को बंधक बनाकर रखने की कोशिश कर रहे हैं।”

भाजपा सांसद रेखा शर्मा ने कहा, “विपक्ष के नेता राहुल गांधी सदन को बाधित कर रहे हैं, संसद में झूठ बोलते हैं। बिना सोचे-समझे कुछ भी नाम लेते हैं, किसी को भी बदनाम करते हैं। मुझे लगता है कि उनको संसद में चुनकर लाना ही गलत है।”

भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, “लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बिना तथ्यों के बयान दे रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए घातक है। सदन में कोई भी बात रखने से पहले उसके पुख्ता सबूत होने चाहिए और यह विपक्ष की हताशा को दर्शाता है।”

भाजपा सांसद शशांक मणि ने कहा, “जब विपक्ष के पास मुद्दा नहीं होता तो झूठ बोलकर काम चलाते हैं। इस बार उन्होंने बेबुनियाद रूप से कई ऐसे लोगों का नाम लिया, जो सदन में भी उपस्थित नहीं थे, जिनका नाम नहीं लिया जा सकता है। कई लोगों ने इसपर आपत्ति भी जताई।”

राजस्थान भाजपा अध्यक्ष व सांसद मदन राठौड़ ने कहा, “देश विरोधी गतिविधियां राहुल गांधी करते हैं। वो हमारे देश के नेतृत्व की आलोचना विदेश में जाकर करते हैं। उनको जो बात कहनी है, वो सदन में कहें। जब सदन में बजट पर चर्चा होनी है तब वो कभी किसी मंत्री पर आरोप लगा देते हैं तो कभी प्रधानमंत्री पर बोलते हैं, यह ठीक बात नहीं है। अगर उन्होंने बजट पढ़ा होता तो वो शायद इस प्रकार की बात नहीं करते।

भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, “जब कोई संसद को अखाड़ा बना देगा, शब्दों को असंसदीय और अशिष्ट भाषा के रूप में प्रदर्शित करेगा और संसद की गरिमा को चोट पहुंचाएगा तो लोगों के पास चारा क्या बचता है? जो भी होगा, वो नियम के अंतर्गत होगा, ससंदीय परंपराओं के पालन के लिए होगा।”