नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर ने गुरुवार को विदेश सचिव विक्रम मिसरी से मुलाकात कर द्विपक्षीय साझेदारी को आगे बढ़ाने और हाल ही में हुए भारत-अमेरिका व्यापार सौदे पर चर्चा की।
मिसरी से मिलने के बाद गोर ने एक्स पोस्ट में लिखा, “विदेश सचिव विक्रम मिसरी से मिलकर हमेशा खुशी होती है। यूएस-भारत साझेदारी को आगे बढ़ाने पर हमारी बहुत अच्छी चर्चा हुई। ट्रेड डील फाइनल होने के बाद उम्मीद है कि भविष्य में अवसरों की कमी नहीं होगी!”
पिछले हफ्ते, भारत और अमेरिका ने पारस्परिक रूप से लाभकारी अंतरिम ट्रेड डील के लिए एक फ्रेमवर्क की घोषणा की थी। यह एक बड़े द्विपक्षीय ट्रेड समझौते की दिशा में बातचीत को आगे बढ़ाने के मकसद से उठाया गया कदम है, क्योंकि व्हाइट हाउस ने भारतीय उत्पादों के आयात पर टैरिफ को 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने की आधिकारिक घोषणा की थी।
डील के बाद एक संयुक्त बयान जारी किया गया था। बयान के मुताबिक, भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका पारस्परिक और आपसी फायदे वाले व्यापार पर एक अंतरिम समझौते के लिए एक फ्रेमवर्क पर सहमत हो गए हैं। यह फ्रेमवर्क दोनों देशों की व्यापक भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) की बातचीत के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है, जिसे फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुरू किया था।
इसमें आगे कहा गया कि यह समझौता दोनों देशों के बीच लगभग एक साल के व्यापार तनाव के बाद हुआ है। 2 फरवरी को पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सहमति की घोषणा की थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18 प्रतिशत हो जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत की 140 करोड़ की आबादी की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को हार्दिक धन्यवाद।
उन्होंने आगे कहा कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रम्प का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है। मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तत्पर हूं।

