भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर राहुल गांधी के सवालों का जवाब दे सरकार: नाना पटोले

0
5

नागपुर, 12 फरवरी (आईएएनएस)। भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस नेता नाना पटोले ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जो भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सरकार से सवाल पूछा है, सरकार को जवाब देना चाहिए।

नागपुर में कांग्रेस नेता नाना पटोले ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने बिल्कुल सही कहा है कि अमेरिका हमारे व्यापार को डील करेगा। पीएम मोदी ने जो डील अमेरिका के साथ की है, उसकी वस्तुस्थिति राहुल गांधी ने रखी है। किसानों की स्थिति खराब होने वाली है। सरकार को सही जवाब देना चाहिए। देश पहले होना चाहिए।

उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बयान पर कहा कि आरोप-प्रत्यारोप करने से कुछ नहीं होने वाला है। कांग्रेस ने देश को 60 साल तक संभाला है। 12 साल से सत्ता में भाजपा है, तो उन्हें हिसाब देना चाहिए। बांग्लादेश संसदीय चुनाव पर नाना पटोले ने कहा कि मुझे लगता है कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तो हमने कई मौकों पर बांग्लादेश और पाकिस्तान को उसकी जगह दिखाई है। वहां की जो प्रधानमंत्री थीं, उन्हें यहां रखा गया था। शाहरुख खान वहां के प्लेयर को लेना चाहते हैं, लेकिन भाजपा विरोध करती है। मुझे लगता है कि बांग्लादेश अपना काम करे।

मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब को लेकर हुए विवाद पर कांग्रेस नेता ने कहा कि नरवणे ने खुद कहा है कि किताब लिखकर प्रकाशक को दी थी। उन्होंने अपने समय की स्थिति के बारे में बताया है। चीन हमारी सीमाओं पर कब्जा कर बैठा है। अमेरिका हमें बताएगा कि हमें कहां से तेल खरीदना है।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर कांग्रेस नेता ने कहा कि स्पीकर को सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को सुनना चाहिए। राहुल गांधी देशहित के सवाल उठाते हैं, लेकिन बिरला एकतरफा फैसला लेकर राहुल गांधी को बोलने से रोकते हैं। हर बार यहां नियम दिखाए जाते हैं, जबकि भाजपा सांसद किताब के आधार पर नेहरू के बारे में कुछ भी बोलते हैं, तो ओम बिरला नहीं रोकते। मुझे लगता है कि अविश्वास प्रस्ताव लाकर उन्हें पद से हटाना चाहिए।