मुंबई, 12 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेता रणवीर सिंह को हाल ही में धमकी भरा वॉइस नोट मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रणवीर के मैनेजर को व्हाट्सएप पर यह मैसेज मिला, जिसमें करोड़ों रुपए की मांग की गई थी। मैसेज में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लिया गया है, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है कि यह वाकई गैंग से जुड़ा है या नहीं।
जांच के दौरान पता चला है कि वॉइस नोट वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल करके भेजा गया था, जिससे भेजने वाले की लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गया है।
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऐसे मैसेज प्रोटॉन मेल या वीपीएन जैसे टूल्स से भेजे जाते हैं, जिससे सत्यता जांचना कठिन होता है। अधिकारी ने 90 के दशक का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय दाऊद इब्राहिम जैसे बड़े गैंगस्टरों के नाम पर कॉपीकैट क्रिमिनल्स धमकियां देते थे। इसी तरह संभावना यहां भी ज्यादा है कि यह किसी कॉपीकैट क्रिमिनल का काम हो, जो बिश्नोई गैंग के नाम का फायदा उठा रहा है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि रोहित शेट्टी के केस को छोड़कर हाल में किसी बड़े सेलिब्रिटी ने धमकी को लेकर औपचारिक शिकायत नहीं की है। रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की आवासीय सोसायटी की मैनेजिंग कमेटी ने पुलिस को एक पत्र लिखा था, जिसमें अतिरिक्त सिक्योरिटी गार्ड्स की तैनाती पर सवाल उठाए गए थे। पुलिस ने कहा कि यह सोसायटी का आंतरिक मामला है और मुंबई पुलिस इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं करेगी।
धमकी मिलने के बाद रणवीर के वर्ली स्थित आवास ‘ब्यू मोंडे’ पर सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है, जहां छह सशस्त्र गार्ड तैनात किए गए हैं। पिछले कुछ दिनों से बिश्नोई गैंग के नाम पर बॉलीवुड में धमकियों की चर्चा तेज है। आयुष शर्मा जैसे अन्य एक्टर्स के नाम भी सोशल मीडिया पर चल रहे हैं। पुलिस की जांच जारी है और तकनीकी तरीकों से भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, एफआईआर करने की संभावना बहुत कम बताई जा रही है, क्योंकि मैसेज की प्रामाणिकता साबित नहीं हुई है।
मुंबई पुलिस के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई की गिरफ्तारी के बाद उनका गैंग काफी कमजोर हो गया है। रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी का मामला गंभीर है, और पुलिस शूटरों की तलाश तेजी से कर रही है। हालांकि, रोहित शेट्टी के बाद किसी अन्य सेलिब्रिटी को बिश्नोई गैंग से असली धमकी की पुष्टि नहीं हुई है।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बिश्नोई गैंग के नाम का फायदा उठाकर कॉपीकैट अपराधी धमकियां भेज रहे हैं। रणवीर सिंह को मिले वॉइस मैसेज की सत्यता संदिग्ध है और यह भी किसी कॉपीकैट क्रिमिनल का काम हो सकता है। शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई जैसे लोग गैंग की कमजोर कड़ी हैं और वे सिर्फ नाम का इस्तेमाल कर खौफ फैला रहे हैं।
रोहित शेट्टी केस में शूटरों ने डिवाइस फेंक दिए, लेकिन पुलिस जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जता रही है।

