राहुल गांधी के पूर्वजों ने देश को बेचने का काम किया: मनोज तिवारी

0
3

रायपुर, 13 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे खुद को राजा मानते हैं और कुछ भी बोल जाते हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत तरक्की कर रहा है और अगर देश को बेचने का काम किसी ने किया है तो वह राहुल गांधी के पूर्वजों ने किया था।

रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी बदतमीज और बेलगाम हो गए हैं। उनके काम देखिए-वे नियम-कानून नहीं मानते और ऐसे बर्ताव करते हैं जैसे कोई राजा हों। वे खुद को सदन का राजा मानते हैं। वे नेता प्रतिपक्ष हैं, और यह पद बहुत महत्वपूर्ण है, लेकिन वे इस पद की गरिमा को तार-तार कर रहे हैं। वे सत्ता पक्ष के नेताओं से गलत बर्ताव करते हैं। राहुल गांधी भारत के विकास की गति में बाधा डालना चाहते हैं।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि मैं मानता हूं कि राहुल गांधी इस कोशिश में हैं कि देश में हिंसा हो जाए। पीएम मोदी की कुर्सी पर महिला कांग्रेस सांसदों द्वारा घेरने की कोशिश की गई। अगर कांग्रेस के लोग देश के पीएम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते, तो हम लोग चुप तो नहीं बैठते। फिर हम लोग जो करते, तो इसके बाद देश के बाहर जो वे संदेश लेकर जाते, कुल मिलाकर देश को हिंसा की आग में झोंकना चाहते हैं।

मनोज तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी के पूर्वजों ने देश को बेचने का काम किया। पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। जब पीएम ने देश की बागडोर संभाली तब भारत 11वें स्थान पर था।

उन्होंने कहा कि देश में बच्चों के साथ कोई अपराध होता है तो त्वरित कार्रवाई होती है। दोषी पाए जाने पर फांसी की सजा भी होती है।

भाजपा सांसद ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा, लेकिन विपक्ष को देश की तरक्की से ही परेशानी है। सरकार ने इतना सुंदर बजट पेश किया है, लेकिन राहुल गांधी बजट पर चर्चा नहीं होने दे रहे हैं।