भारत को पाकिस्तान के साथ मैच नहीं खेलना चाहिए: आनंद दुबे

0
7

मुंबई, 14 फरवरी (आईएएनएस)। टी-20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं जोर पकड़ चुकी है। कुछ का मानना है कि खेल को राजनीति के चश्मे से नहीं देखना चाहिए तो वहीं कुछ इस मैच को लेकर विरोध जता रहे हैं। उनका मानना है कि पाकिस्तान से आए आतंकियों ने पहलगाम में निर्दोष लोगों की जान ली, इसलिए भारत को पाकिस्तान के साथ मैच नहीं खेलना चाहिए।

शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने इस मैच को लेकर कहा है कि भारत को पाकिस्तान के साथ मैच नहीं खेलना चाहिए। मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि हमने बार-बार पाकिस्तान के साथ मैच खेलने को लेकर विरोध जताया है। हम बार-बार कह रहे हैं कि भारत को पाकिस्तान के खिलाफ मैच नहीं खेलना चाहिए और न ही बांग्लादेश के खिलाफ खेलना चाहिए। हमें नहीं पता कि भारत, पाकिस्तान के साथ मैच क्यों खेल रहा है। इस मैच से क्या होगा, क्या यह मैच सिर्फ पैसों के लिए खिलाया जा रहा है।

शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने कहा कि हमारी भावना यही है कि खून और पानी साथ नहीं बह सकते तो मैच भी साथ नहीं खेल सकते। पाकिस्तान की हैसियत देखिए। कुछ दिन पहले बयान देता है कि टी-20 विश्व कप में खेलेगा, लेकिन भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा। जब उसे लगता है कि इस मैच से पैसे का नुकसान होगा, तो वह खेलने को तैयार हो जाता है। हम उसके हिसाब से क्यों चलें? बीसीसीआई और आईसीसी क्या कर रही है।

उन्होंने कहा कि हम लोग खेल के समर्थन में है, लेकिन पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ क्रिकेट मैच को लेकर विरोध जारी रहेगा। हम बाकी बहुत सारी टीमों के साथ मैच खेलते हैं, लेकिन बांग्लादेश और पाकिस्तान के साथ नहीं खेलना है।

शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने कहा कि पाकिस्तानी आतंकी हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ते हैं। पाकिस्तान के साथ रिश्ते नहीं रखने चाहिए। यह आतंकपरस्त देश है। फिर भी मैच हो रहा है। बीसीसीआई से लोग सवाल पूछेंगे कि यह मैच क्यों हो रहा है। हम अपना विरोध जताएंगे।

आनंद दुबे ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ हम जीत जाएंगे, यह तो तय है। पाकिस्तान कुछ भी नहीं कर पाएगा। वह सिर्फ पैसा कमाने के लिए खेल रहा है, क्योंकि भारत से हारने के बावजूद उसे करोड़ों रुपए मिलेंगे। पाकिस्तान को इस्लामाबाद और लाहौर में गली क्रिकेट खेलना चाहिए।