भारत-पाक मैच : पटना में फैंस उत्साहित, महाशिवरात्रि पर विशेष अंदाज में की टीम की विजय कामना

0
5

नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। भारत-पाकिस्तान टी20 विश्व कप मुकाबले को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बिहार से लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, गुजरात और पंजाब तक क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थनाएं कीं और अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

बिहार की राजधानी पटना में क्रिकेट प्रशंसकों ने भारत की जीत के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। एक प्रशंसक ने बताया कि आज भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप मैच है, इसलिए जीत की कामना से पूजा की गई और खिलाड़ियों को भगवान शिव के रूप में दर्शाते हुए पोस्टर भी बनाए गए। यह आयोजन महाशिवरात्रि के अवसर से भी जुड़ा रहा।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह चरम पर है। एक प्रशंसक ने कहा कि यह ऐसा मुकाबला है जिसे पूरा भारत और दुनिया देखती है, और उम्मीद है कि भारत ही विजयी होगा।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर आधी रात से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने जलाभिषेक किया और भारत की जीत के लिए प्रार्थना भी की। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए, भारी पुलिस बल तैनात रहा और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई। कई किलोमीटर लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं ने टीम इंडिया की जीत की कामना की। एक भक्त ने कहा कि उन्होंने भगवान से प्रार्थना की है कि भारत पाकिस्तान को हराए।

गुजरात के सूरत में युवा क्रिकेट खिलाड़ियों और कोचों ने भी मैच को लेकर उत्साह जताया। एक युवा खिलाड़ी ने कहा कि पहले पाकिस्तान खेलने से इनकार कर रहा था, लेकिन अब वह मैदान में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत ही जीतेगा। एक क्रिकेट कोच ने कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच अपने आप में रोमांच लेकर आता है और इस बार भी नतीजा भारत के पक्ष में ही रहेगा।

पंजाब के अमृतसर में क्रिकेट कोच प्रमोद कुमार ने कहा कि उन्होंने खिलाड़ी अभिषेक शर्मा को काफी अभ्यास कराया है और उन्हें विश्वास है कि भारत-पाकिस्तान मुकाबले में उनका प्रदर्शन शानदार रहेगा।