मुंबई, 15 फरवरी (आईएएनएस)। महाशिवरात्रि का पर्व आते ही पूरे देश में भक्ति, श्रद्धा और आस्था का माहौल बन जाता है। मंदिरों में घंटियों की आवाज, शिव मंत्रों का जाप और भक्ति गीतों की गूंज हर ओर सुनाई देती है। इस पावन अवसर पर सिनेमा जगत की जानी-मानी अभिनेत्री राशि खन्ना ने अपनी आवाज में ‘शिव कैलाशों के वासी’ भजन प्रस्तुत किया है। इस भजन को सोशल मीडिया पर खूब सराहना मिल रही है।
महाशिवरात्रि के मौके पर राशि खन्ना का यह अलग अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आया।
राशि खन्ना ने इस भजन को साझा करते हुए एक नोट लिखा, जिसने लोगों के दिल को छू लिया। उन्होंने कहा, ”महाशिवरात्रि के इस पवित्र दिन मैं ‘शिव कैलाशों के वासी’ भजन को भगवान महादेव के चरणों में अपनी प्रार्थना के रूप में अर्पित कर रही हूं। यह गीत मैंने पूरे विश्वास, समर्पण और कृतज्ञता के भाव से गाया है। ये मेरे लिए एक सपने की तरह था, जिसे मैं अब अपने प्रशंसकों के साथ एक भेंट के रूप में साझा कर रही हूं। मुझे उम्मीद है कि यह भजन सुनने वालों के जीवन में शांति, शक्ति और आशीर्वाद लेकर आएगा। हर हर महादेव”
‘शिव कैलाशों के वासी’ भजन के बारे में बात करें, तो यह भगवान शिव की महिमा और उनके दिव्य स्वरूप का सुंदर वर्णन करता है। इसमें महादेव को उस शक्ति के रूप में याद किया गया है, जो अहंकार का नाश करती है और आत्मा को जागृत करती है। इसमें कैलाश पर्वत में वास करने वाले शिव को शांति, ध्यान और आत्मिक उन्नति का प्रतीक बताया गया है।
वहीं अगर राशि खन्ना के आने वाले प्रोजेक्ट्स के बारे में बात करें, तो वह अक्षय कुमार के साथ एक अनटाइटल्ड फिल्म में नजर आने वाली हैं। इसके अलावा, वह तेलुगु सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ में पवन कल्याण के साथ दिखाई देंगी। वेब सीरीज ‘फर्जी 2’ में वह शाहिद कपूर और विजय सेतुपति के साथ अहम भूमिका निभा रही हैं।

