ईसीआई स्पोर्ट्स वीक 2026 का आगाज : मुख्य चुनाव आयुक्त ने ‘रन फॉर डेमोक्रेसी’ को दिखाई हरी झंडी

0
8

नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) का सालाना स्पोर्ट्स वीक 2026 सोमवार को दिल्ली स्थित कॉमनवेल्थ गेम्स स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में उत्साह और उमंग के साथ शुरू हुआ। सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन का उद्घाटन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने किया।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि खेलों को परिभाषित करने वाले मूल तत्व पारदर्शिता, ईमानदारी और निष्पक्षता हैं। वही सिद्धांत हैं जो भारत की चुनावी प्रक्रिया की नींव को मजबूत बनाते हैं और लोग खेलने से स्वस्थ भी रहते हैं। खेल बहुत जरूरी होता है। सभी को खेलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जैसे खेल के मैदान में नियमों का सम्मान और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा जरूरी है, वैसे ही लोकतंत्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव अनिवार्य हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए खेल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों के बीच गहरे संबंध को रेखांकित किया।

खेल सप्ताह की शुरुआत “रन फॉर डेमोक्रेसी” थीम के तहत 100 मीटर महिला दौड़ से हुई, जिसे मुख्य चुनाव आयुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वर्ष के आयोजन की थीम “मैदान में तालमेल, डेमोक्रेसी में मजबूती” रखी गई है, जो टीमवर्क और सहयोग की भावना को लोकतांत्रिक सशक्तीकरण से जोड़ती है।

ईसीआई के रिक्रिएशन क्लब द्वारा आयोजित इस वार्षिक खेल सप्ताह में कुल 383 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 72 महिलाएं शामिल हैं। प्रतियोगिताएं 7 विभिन्न खेलों की 43 श्रेणियों में आयोजित की जाएंगी।

इनमें शतरंज, कैरम, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल और एथलेटिक्स ट्रैक इवेंट्स शामिल हैं। एथलेटिक्स में 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़ प्रतियोगिताएं पुरुष और महिला वर्ग की अलग-अलग आयु श्रेणियों में आयोजित होंगी।

आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच आपसी तालमेल, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। पूरे सप्ताह विभिन्न मुकाबलों के साथ यह आयोजन जोश और ऊर्जा से भरपूर रहने की उम्मीद है।