गाजियाबाद, 16 फरवरी (आईएएनएस)। गाजियाबाद के औद्योगिक क्षेत्र साइट-4, साहिबाबाद में सोमवार को बड़ा अग्निकांड होने से हड़कंप मच गया। कमिश्नरेट गाजियाबाद के अंतर्गत फायर स्टेशन साहिबाबाद को दोपहर करीब 12 बजे चरण ऑटोटेक और भारत ऑयल फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
प्रारंभिक सूचना पर साहिबाबाद फायर स्टेशन से 2 फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। इसके साथ ही वैशाली फायर स्टेशन से मुख्य अग्निशमन अधिकारी और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के नेतृत्व में 3 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि आग दोनों फैक्ट्रियों में तेजी से फैल चुकी थी और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। कोतवाली फायर स्टेशन से 3 फायर टेंडर, मोदीनगर से 1 फायर टेंडर, लोनी से 2 फायर टेंडर, हापुड़ जनपद से 1 फायर टेंडर तथा गौतमबुद्धनगर से 1 फायर टैंकर को मौके पर भेजा गया। कुल मिलाकर 10 दमकल वाहनों ने संयुक्त रूप से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
बताया गया कि चरण ऑटोटेक फैक्ट्री में बाइक के ऑटो पार्ट्स बनाए जाते थे। आग लगने के कारण फैक्ट्री का टीन शेड गिर गया, जिसके नीचे भारी मात्रा में ऑटो पार्ट्स रखे हुए थे। फैक्ट्री के अग्रभाग में प्लास्टिक, थर्माकोल और पैकेजिंग सामग्री बड़ी मात्रा में भंडारित थी, जिससे आग ने और विकराल रूप ले लिया।
वहीं, बगल में स्थित भारत ऑयल फैक्ट्री में भी आग फैलने लगी थी, लेकिन दमकल कर्मियों ने शुरुआती चरण में ही उस पर काबू पा लिया। दमकल विभाग की टीम ने तीनों दिशाओं में होज लाइन फैलाकर लगातार पानी की बौछार की और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह शांत कर दिया। राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, फैक्ट्री में भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
दमकल विभाग की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया तथा आसपास की फैक्ट्रियों और रिहायशी क्षेत्रों को सुरक्षित बचा लिया गया। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

