मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के लिए 43 करोड़ का टेंडर जारी, सम्राट चौधरी बोले- कनेक्टिविटी और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

0
11

पटना, 16 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के रनवे के निर्माण के लिए 43.13 करोड़ रुपए की लागत का टेंडर जारी किया गया है। यह टेंडर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से जारी किया गया है।

बिहार के उप मुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट से पटना और दरभंगा एयरपोर्ट पर निर्भरता कम होगी व क्षेत्र में रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

टेंडर के तहत मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट को कोड 2बी श्रेणी के विमानों के संचालन योग्य बनाने के लिए रनवे, टैक्सीवे, एप्रन, पेरिमीटर रोड, जीएसई एरिया, वाहन लेन, आपातकालीन संपर्क सड़क, रेसा, रनवे बेसिक स्ट्रिप और अन्य संबद्ध कार्यों का निर्माण व सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। यह परियोजना मुजफ्फरपुर को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह एयरपोर्ट मुजफ्फरपुर, आसपास के जिलों और पूरे दक्षिण बिहार के लोगों के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और बिहार की नीतीश कुमार सरकार की डबल इंजन सरकार की ओर से एक बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि बिहार में सड़क और रेल परिवहन का मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। गांव-गांव और गली-गली सड़कों का जाल बिछाने के बाद अब एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का विस्तार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि बिहार में रेल नेटवर्क का तेजी से आधुनिकीकरण और विस्तार किया गया है। बिहार में रेल के विकास के लिए 10 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का बजट आवंटन हुआ है। अभी यहां 14 वंदे भारत और 21 अमृत भारत ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। हाल ही में वाराणसी-सिलीगुड़ी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को भी स्वीकृति मिली है।

उपमुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि बिहार में हवाई सेवा का भी तेजी से विस्तार हो रहा है। पटना, गया और दरभंगा एयरपोर्ट के संचालन के बाद पूर्णिया एयरपोर्ट की शुरुआत हो चुकी है और अब मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के रनवे निर्माण के लिए टेंडर जारी होने से निर्माण कार्य में तेजी आएगी। इससे जल्द ही मुजफ्फरपुर वासियों का अपने शहर से उड़ान भरने का सपना साकार होगा।