बीजापुर, 16 फरवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में माओवादी संगठन के विरुद्ध सुरक्षा बलों द्वारा प्रभावी नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना उसूर क्षेत्रांतर्गत केरिपु 229 वाहिनी की टीम ने ताड़पाला बेस एरिया में सघन सर्च अभियान चलाया।
अभियान के दौरान ताड़पाला बेस के दक्षिण दिशा में नाले के पास माओवादियों द्वारा लगाए गए 02 नग आईईडी बरामद किए गए। इनमें से एक आईईडी बियर बॉटल में तथा दूसरा बीजीएल में प्लांट किया गया था, जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत खतरनाक माना जा रहा था।
आगे की सघन सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को माओवादियों द्वारा जमीन के भीतर डंप कर रखी गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री एवं अन्य माओवादी सामान बरामद हुआ। बरामद सामग्री में 40 नग बीजीएल, 35 नग बीजीएल राउंड, 90 नग बैटरी, डायरेक्शन आईईडी निर्माण में उपयोग होने वाली लोहे की पाइप, कच्चे ग्रेनेड बनाने की सामग्री, लोहे की प्लेट, लेथ मशीन के पार्ट्स, आयरन कटर ब्लेड, प्लास्टिक ड्रम, स्टील ट्रंक, वाटर पंप सहित दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री शामिल है।
इसी क्रम में केरिपु 22वीं एवं केरिपु 214 वाहिनी की संयुक्त टीम द्वारा थाना भोपालपटनम क्षेत्र के कोंडापड़गु इलाके में एरिया डॉमिनेशन एवं डिमाइनिंग कार्यवाही के दौरान माओवादियों द्वारा जमीन में छिपाकर रखे गए 04 नग बियर बॉटल आईईडी बरामद किए गए। सभी आईईडी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।
इसके अतिरिक्त थाना उसूर क्षेत्र के कमलापुर जंगलों में केरिपु 229/ई द्वारा तथा थाना गंगालूर क्षेत्र के कोरचोली गांव में केरिपु 222 द्वारा निर्मित अवैध माओवादी स्मारकों को भी ध्वस्त किया गया। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को माओवादियों की गतिविधियों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए नक्सल विरोधी अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगे।

