‘इंडिया एआई इंपैक्‍ट समिट’ को ड्रामा बताना कांग्रेस पार्टी की हताशा को दर्शाता है : दानिश अंसारी

0
6

लखनऊ, 17 फरवरी (आईएएनएस)। ‘इंडिया एआई इंपैक्‍ट समिट- 2026’ को लेकर कांग्रेस की ओर से दिए गए बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश अंसारी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बयान सतही हैं और उनकी राजनीतिक निराशा को दर्शाते हैं।

उन्होंने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि आज पूरी दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल क्रांति की दिशा में आगे बढ़ रही है तथा भारत भी इस वैश्विक बदलाव का नेतृत्व करने की ओर अग्रसर है। ऐसे समय में दिल्ली में आयोजित एआई सेमिनार का विरोध करना कांग्रेस की नकारात्मक मानसिकता को उजागर करता है। मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को देश का विकास और समृद्धि रास नहीं आती और वह केवल राजनीतिक लाभ के लिए विरोध की राजनीति करती है।

मंत्री दानिश अंसारी ने ‘वीबी : जी राम जी’ और अन्य सरकारी योजनाओं को लेकर लखनऊ में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘झूठ फैलाओ’ अभियान चला रही है और जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस ने हमेशा देश को गलत दिशा में ले जाने का प्रयास किया है। उसका रवैया देश और जनता के हित में नहीं रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश और देश की जनता अब ऐसे हथकंडों में फंसने वाली नहीं है।

वहीं, फॉर्म-7 के मुद्दे को उठाकर चुनाव आयोग जाने की समाजवादी पार्टी की घोषणा पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जाना किसी भी दल का अधिकार है, लेकिन जब किसी प्रकार का दुरुपयोग नहीं हो रहा है तो राजनीतिक स्टंट के जरिए जनता को भ्रमित करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के पास कोई ठोस एजेंडा नहीं बचा है, इसलिए वे अनावश्यक मुद्दों को हवा दे रहे हैं।

उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा का सोशल मीडिया जनता को भ्रमित करने का प्रयास करती है। यदि सपा नेता जमीनी हकीकत को देखने निकलें, तो उन्हें प्रदेश में कानून-व्यवस्था, विकास और तरक्की स्पष्ट रूप से दिखाई देगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेज गति से विकास की राह पर अग्रसर है और यही प्रगति विपक्ष को असहज कर रही है।