नोएडा में रैपिडो बाइक चालक से लूट, मारपीट कर बदमाश फरार

0
7

नोएडा, 17 फरवरी (आईएएनएस)। सेंट्रल नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में रैपिडो बाइक चालक से लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। 14 फरवरी की देर रात बदमाशों ने बाइक चालक को रोककर उसके साथ मारपीट की और उसकी मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

यह घटना गैलेक्सी चौराहे के पास, जेएम इंटरनेशनल स्कूल के नजदीक की बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवक रैपिडो बाइक सेवा से जुड़ा था और गैलेक्सी चौराहे से लाल कुआं की ओर जा रहा था। इसी दौरान जेएम इंटरनेशनल स्कूल के पास कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उनके फरार होने के रूट का पता लगाया जा सके।

इस मामले में आरके गौतम, एडीसीपी सेंट्रल नोएडा, ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा। क्षेत्र में गश्त भी बढ़ा दी गई है ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।