अजित पवार की मौत की हो सीबीआई जांच, देवेंद्र फडणवीस से मिलकर पत्नी सुनेत्रा ने उठाई मांग

0
10

मुंबई, 17 फरवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान दुर्घटना की सीबीआई जांच की मांग की गई है। यह मांग अजित पवार की पत्नी और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के दौरान की गई।

एनसीपी के नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट और सांसद प्रफुल्ल पटेल, डिप्टी चीफ मिनिस्टर सुनेत्रा पवार, स्टेट प्रेसिडेंट और सांसद सुनील तटकरे, मंत्री हसन मुश्रीफ और यूथ लीडर पार्थ पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर इस हादसे की सीबीआई जांच कराने की मांग की।

इस मुलाकात के बाद सुनील तटकरे ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमने मुख्यमंत्री से इस पूरी घटना की सीबीआई जांच कराने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने हमें आश्वासन दिया है कि राज्य सरकार केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर सीबीआई जांच कराने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

इससे पहले सुनेत्रा पवार नई दिल्ली भी पहुंची थीं। उनका यह दौरा महाराष्ट्र में उपमुख्यमंत्री के तौर पर पदभार ग्रहण करने के बाद हुआ था। तब उन्होंने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी।

इसके पहले एनसीपी-एसपी विधायक रोहित पवार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अपील की कि वे 28 जनवरी को बारामती के पास हुए विमान दुर्घटना की व्यापक, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच का आदेश दें।

28 जनवरी को बारामती में लेयरजेट-45 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित छह लोगों की जान चली गई थी।

अजित पवार जिला परिषद और पंचायत समिति के चल रहे चुनावों के बीच एक जनसभा में भाग लेने के लिए बारामती जा रहे थे, तभी लैंडिंग के दौरान विमान नियंत्रण से बाहर हो गया था।