भोपाल, 18 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश पर बढ़ते कर्ज को लेकर कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में खाली गुल्लक लेकर प्रदर्शन किया और सरकार की नीतियों की आलोचना की। विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन बुधवार को कांग्रेस विधायकों ने राज्य पर बढ़ते कर्ज पर चिंता जताई।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक हाथों में खाली गुल्लक और नारे लिखी तख्तियां लेकर विधानसभा परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष पहुंचे तथा सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश सरकार आंकड़ों की बाजीगरी में लगी हुई है, जबकि राज्य पर कुल कर्ज बजट से भी अधिक हो चुका है। प्रदेश सरकार लगातार कर्ज पर कर्ज लिए जा रही है, मध्य प्रदेश के हर वर्ग की कमर टूट गई है और सरकार ने प्रदेश की पीठ पर 5 लाख करोड़ से ज़्यादा का कर्ज लाद दिया है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह कोई गुल्लक नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की तिजोरी है जिसे सरकार और उसके मंत्री डकार गए हैं। पूरा प्रदेश महंगाई और कर्ज के भारी बोझ तले दब गया है, आम आदमी की कमर टूट चुकी है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बजट सत्र से पहले ही सरकार द्वारा 5,600 करोड़ रुपये का कर्ज लिया जाना इस बात का संकेत है कि प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबाया जा रहा है। सरकार जनता के टैक्स के पैसों से कर्ज लेकर “घी पी रही है” और विकास के नाम पर केवल भ्रम फैलाया जा रहा है।
आर्थिक सर्वेक्षण को झूठ का पुलिंदा बताते हुए उमंग सिंघार ने दावा किया है कि सर्वेक्षण में प्रति व्यक्ति मासिक आय 15–20 हजार रुपये महीने बताई गई है, जो जमीनी हकीकत से कोसों दूर है। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से प्रदेश की वास्तविक आर्थिक स्थिति सार्वजनिक करने और बढ़ते कर्ज पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग भी की है।
–आईएएनएस
एसएनपी/एएस

