एआई समिट पर राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट नकारात्मकता : प्रह्लाद जोशी

0
6

नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली में आयोजित ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट- 2026’ को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समिट से जुड़े मुद्दों, दावों और आरोपों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने नजर आए।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि यह एक नकारात्मक सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर के आयोजन में अगर कहीं कोई कमी रह जाती है, तो संबंधित विभाग उसकी समीक्षा करता है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा था, “भारत के टैलेंट और डेटा का फायदा उठाने के बजाय, एआई समिट एक पीआर तमाशा है। भारतीय डेटा बिक्री के लिए, चीनी प्रोडक्ट दिखाए जा रहे हैं।”

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “राहुल गांधी अब पॉलिटिकली बेरोजगार हैं, और इस वजह से, उनका एकमात्र फोकस विवाद खड़ा करना और बेबुनियाद बयान देना रह गया है।”

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि इस आयोजन ने देश के युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह पैदा किया है, जो भारत को तकनीकी क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करेगा।

शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने एआई समिट से जुड़े एक विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एआई समिट का उद्देश्य नवाचार, नए विचारों की खोज और सीखने के मॉडल विकसित करना है। लेकिन यदि कोई व्यक्ति किसी और के आविष्कार का श्रेय लेने की कोशिश करता है, तो यह सीधा-सीधा चोरी है और देश के लिए उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि जब इतने बड़े स्तर का अंतरराष्ट्रीय आयोजन हो और उसमें कई प्रमुख वैश्विक हस्तियां शामिल हों, तब किसी तकनीक को अपनी उपलब्धि बताना और बाद में उसका भंडाफोड़ होना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने इस मामले में गलगोटिया विश्वविद्यालय से माफी मांगने की भी बात कही।