SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय उत्तराखंड : रामनगर में जाम की समस्या को लेकर डीएम के सख्त...

उत्तराखंड : रामनगर में जाम की समस्या को लेकर डीएम के सख्त निर्देश, वेंडर जोन में ही लगेंगे ठेले

0
35

नैनीताल, 18 फरवरी (आईएएनएस)। रामनगर शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से आम जनता, व्यापारियों और पर्यटकों को होने वाली परेशानी जल्द कम होने की उम्मीद जगी है। जिला प्रशासन ने सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से लगने वाले ठेले, फल-सब्जी की रेहड़ियों और खोखों को व्यवस्थित करने के लिए सख्त कदम उठाने का फैसला किया है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नगर पालिका को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी वेंडरों को केवल निर्धारित वेंडिंग जोन में ही व्यवसाय करने की अनुमति दी जाए। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर नगर पालिका के साथ विस्तृत बैठक हुई है। शहर के मुख्य बाजार और प्रमुख सड़कों पर फल-सब्जी की रेहड़ियां, ठेले और अन्य स्ट्रीट वेंडर्स के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित होता है।

डीएम ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए पालिका द्वारा पहले से चिन्हित 7-8 वेंडिंग जोन को जल्द विकसित किया जाएगा। इन जोनों में पानी, बिजली (प्रकाश), शौचालय, कूड़ेदान, पार्किंग और बैठने की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे वेंडरों को कोई असुविधा नहीं होगी और वे स्वेच्छा से वहां अपना कारोबार चला सकेंगे।

साथ ही, प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे अवैध रूप से लगे ठेलों को हटाया जाएगा। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को सख्त हिदायत दी है कि तय वेंडिंग जोन के अलावा कहीं भी कोई ठेला नहीं लगने दिया जाएगा। इस व्यवस्था से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और बाजार क्षेत्र अधिक व्यवस्थित व सुगम बनेगा।

यह फैसला आम लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा, क्योंकि रामनगर में वीकेंड और पर्यटन सीजन में ट्रैफिक जाम आम बात हो गई है। हाल ही में जनवरी 2026 में भी कई दिनों तक लंबे जाम लगे थे, जिससे पर्यटक और स्थानीय निवासी परेशान हुए थे। वहीं वेंडरों को भी संगठित जगह पर बेहतर सुविधाओं के साथ रोजगार चलाने का मौका मिलेगा, जिससे उनकी आय प्रभावित नहीं होगी।

अगर यह योजना तय समय पर लागू हो जाती है, तो रामनगर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। प्रशासन का यह प्रयास शहर को अधिक सुंदर, स्वच्छ और यातायात-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। डीएम रयाल ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।