कांग्रेसी नेता बोले, मध्य प्रदेश सरकार का बजट जनता के साथ धोखा

0
7

भोपाल, 18 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार को विधानसभा में भाजपा सरकार का तीसरा बजट पेश किया। सरकार का दावा है कि इस बजट में सभी वर्गों पर विशेष ध्यान दिया गया है। हालांकि, कांग्रेस के विधायकों ने इस बजट को आम जनता के साथ धोखा बताया है।

कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने राज्य के बजट पर कहा कि बजट पूरे आंकड़े की भाषणबाजी है। बजट विकास के नाम पर मध्य प्रदेश की जनता के साथ धोखा है। बजट किसी के पक्ष में नहीं है। बजट से ज्यादा कर्ज हो जाए तो उस राज्य का भविष्य पता चल सकता है कि क्या होगा। मध्य प्रदेश का भविष्य गर्त में है। युवा पढ़ा-लिखा नौकरी चाहता है। उसे भाषण से काम नहीं मिलेगा। दो साल से हजारों महिलाएं लापता हैं, उन्हें ट्रेस कौन करेगा? महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सरकार ने क्या काम किया है। कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। इनकी पुलिस लोगों के साथ ठीक ढंग से बात नहीं करती है।

कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने कहा कि बजट हर बार आता है, और हर बार गरीब आदमी उम्मीद करता है कि इस बार बजट में उनके हक की बात होगी, लेकिन गरीब के हक की बात तो हो ही नहीं रही और न उनके रोजगार की बात हो रही है।

कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का बजट सपनों का, जुमलों का बजट है। यह आंकड़ों का बजट रहा। जब घाटे का बजट है तो लाखों-करोड़ों रुपए कैसे देंगे, ये जनता को बताएं। बजट में किसानों की बात नहीं की गई। मैं समझता हूं कि उनकी आय दोगुनी नहीं हो रही है। युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के बड़े-बड़े विज्ञापन निकाले जाते हैं, लेकिन भर्ती नहीं होती है। सरकार के पास पैसा नहीं है। अब कर्मचारियों को सिर्फ संविदा के आधार पर रखा जाएगा। बिजली के दरें महंगी हैं। इससे भी लोगों को छूट नहीं मिल रही है।

कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि यह निराशा वाला घाटे का बजट है। लाडली बहना योजना के तहत आप जो पैसा दे रहे हैं, ये भी जान रहे हैं कि जो आपने वादा किया था, वो पूरा नहीं किया और फिर कर्ज लेकर दे रहे हैं। इस घाटे के बजट पर हम विधानसभा में क्या चर्चा करेंगे?