SGSU Advertisement
Home राजनीति आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा

0
30

देहरादून, 19 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 22 और 23 फरवरी को दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर रहेंगे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे शताब्दी वर्ष के तहत उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है। संघ ने प्रदेशभर में 1,000 हिंदू सम्मेलन आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

संघ पदाधिकारियों के अनुसार शताब्दी वर्ष के अवसर पर विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाई जा रही है। इन हिंदू सम्मेलनों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाकर संगठन के विचारों और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को साझा किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व कर रहे प्रमुख व्यक्तियों से संवाद स्थापित करने की भी योजना है। संघ के वरिष्ठ अधिकारी इन कार्यक्रमों के जरिए सामाजिक जीवन में सक्रिय लोगों से सीधे संपर्क कर रहे हैं।

प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल ने बताया कि सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 22 एवं 23 फरवरी को दो दिवसीय उत्तराखंड प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे देहरादून स्थित भारत माता मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे और संघ के प्रांत कार्यालय में प्रवास करेंगे।

22 फरवरी को सरसंघचालक का समाज के प्रमुख नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग शामिल होंगे। वहीं, 23 फरवरी को पूर्व सैनिकों के साथ विशेष संवाद आयोजित किया जाएगा। संघ कार्यकर्ताओं ने इसके लिए प्रमुख नागरिकों और सेवानिवृत्त सैनिकों की सूची तैयार कर उन्हें आमंत्रण भेजा है।

संघ का मानना है कि इन संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से विकसित, श्रेष्ठ और समर्थ भारत के निर्माण का सकारात्मक वातावरण तैयार होगा। शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित हो रहे कार्यक्रम संगठन की विचारधारा और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।