फूलों की महक से सराबोर हुआ नोएडा, केदारनाथ थीम बना आकर्षण का केंद्र

0
5

नोएडा, 19 फरवरी (आईएएनएस)। शहर में गुरुवार से शुरू हुए भव्य फ्लावर शो ने पूरे नोएडा को फूलों की महक से सराबोर कर दिया है। सेक्टर-33ए स्थित आयोजन स्थल पर आयोजित इस चार दिवसीय शो का शुभारंभ गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने किया।

22 फरवरी तक चलने वाले इस आयोजन में 120 से अधिक प्रजातियों के रंग-बिरंगे फूलों की प्रदर्शनी लगाई गई है। उद्घाटन अवसर पर आईटीबीपी के बैंड ने मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसने कार्यक्रम में देशभक्ति और उत्सव का माहौल बना दिया। शो के पहले ही दिन हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। परिवारों, युवाओं और बच्चों ने विभिन्न फ्लोरल स्कल्पचर के साथ जमकर सेल्फी और फोटोग्राफी की।

एक ओर जहां फूलों की प्रदर्शनी सजी है, वहीं दूसरी ओर नर्सरी स्टॉल लगाए गए हैं, जहां लोगों ने पौधों की जमकर खरीदारी की। कुल 90 स्टॉल इस बार शो में लगाए गए हैं, जिनमें सजावटी पौधों, गार्डनिंग सामग्री और जैविक उत्पादों की बिक्री की जा रही है। इस बार फ्लावर शो की थीम धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था पर आधारित है। शो का सबसे बड़ा आकर्षण फूलों से तैयार किया गया केदारनाथ मंदिर है, जो लगभग 30 फीट लंबा और 40 फीट ऊंचा बनाया गया है। मंदिर के बाहर नंदी की प्रतिमा, त्रिशूल और डमरू भी फूलों से तैयार किए गए हैं। नंदी की प्रतिमा लगभग 8 फीट लंबी और 3 फीट ऊंची है।

इसके अलावा 6 फीट ऊंचा करेले से बना हाथी भी दर्शकों को आकर्षित कर रहा है। मुख्य द्वार भी केदारनाथ थीम पर बनाया गया है, जिसकी लंबाई 22 फीट और ऊंचाई करीब 25 फीट है। प्रवेश पाथवे और गार्डन द्वार 10 फीट लंबाई और 12 फीट ऊंचाई में बनाए गए हैं। 7 फीट ऊंची बास्केट सजावट, 8 फीट लंबा टॉप बास्केट फ्लो, ढोलक शेप बास्केट, मटका फ्लो, बुद्धा लोटस की फ्लोरल रेप्लिका और अन्य कलात्मक आकृतियां शो की सुंदरता को और बढ़ा रही हैं।

फ्लावर शो में उत्तर रेलवे, नई दिल्ली म्यूनिसिपल काउंसिल, दक्षिणी दिल्ली म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन, भारतीय थल सेना, कोटा हाउस, भारत पेट्रोलियम, एलजी, एडोब सिस्टम, एनआईआईटी, दिल्ली पब्लिक स्कूल, यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण समेत कई प्रमुख संस्थानों ने अपनी-अपनी प्रदर्शनी लगाई है।

आयोजन स्थल के बाहर मुख्य सड़क पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कार के लिए पहले दो घंटे का शुल्क 20 रुपए और दोपहिया वाहन के लिए 10 रुपए निर्धारित किया गया है। दो घंटे के बाद प्रति घंटे अतिरिक्त 10 रुपए (कार) और 5 रुपए (दोपहिया) शुल्क लिया जाएगा। प्रवेश निशुल्क होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। फ्लावर शो न केवल प्रकृति प्रेमियों के लिए खास है, बल्कि यह परिवार के साथ समय बिताने और यादगार तस्वीरें संजोने का बेहतरीन अवसर भी प्रदान कर रहा है।