एआई समिट में यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को किसान संगठनों ने बताया निंदनीय, राहुल गांधी से माफी की मांग

0
7

नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कई किसान संगठनों ने इस प्रदर्शन की कड़ी निंदा की और इसे देश की छवि खराब करने की साजिश बताया है। किसान संगठनों ने राहुल गांधी से माफी मांगने की मांग की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय हित सर्वोपरि है।

इस समिट में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें नारे लगाए गए और हंगामा हुआ। किसान संगठनों का दावा है कि यह प्रदर्शन राहुल गांधी के इशारे पर हुआ, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की बदनामी हुई। समिट में दुनिया भर से आए निवेशक और विशेषज्ञ मौजूद थे, जो एआई तकनीक से भारत की प्रगति पर चर्चा कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने कथित रूप से गुंडागर्दी की, जिसे किसान नेताओं ने ‘देश के नाम पर कलंक’ करार दिया।

भारतीय किसान यूनियन (पथिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज चौधरी ने पत्र जारी कर कहा, “राहुल गांधी के कहने पर किया गया यह विरोध प्रदर्शन शर्मनाक है। इससे देश के किसानों को परेशानी हुई है। गांधी परिवार की गद्दारी की सोच फिर उजागर हुई।”

उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी इस घटना के लिए माफी मांगें, अन्यथा किसान सड़कों पर उतरेंगे। नीरज चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को विकसित देश की पहचान दिलाई है।

अखिल जाट महासंघ ने भी मुंडका में आपात बैठक बुलाकर इस घटना की निंदा की। संगठन के प्रवक्ता संजीव लाकड़ा ने पत्र जारी कर कहा, “कांग्रेस को देश के स्वाभिमान से खिलवाड़ करने का कोई अधिकार नहीं है। यदि कोई मतभेद था तो संसद में बात करनी चाहिए थी। विदेशी प्रतिनिधियों की मौजूदगी में विरोध प्रदर्शन कांग्रेस की देश विरोधी मानसिकता दर्शाता है।”

बैठक में नवीन धनखड़ और राकेश माथुर जैसे नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सत्ता के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है। जाट समाज ने कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया और चेतावनी दी कि भविष्य में राष्ट्रविरोधी कदम उठाने पर जाट समाज कांग्रेस की राजनीति समाप्त कर देगा।

भारतीय कृषक समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण बीर चौधरी ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “यूथ कांग्रेस ने एआई समिट में गुंडागर्दी की, जो देश को बदनाम करने की साजिश है। कांग्रेस भारत विरोधी ताकतों से मिलकर अराजकता फैला रही है।”

चौधरी ने जोर दिया कि समिट भारत को वैश्विक पटल पर मजबूत बनाने का प्रयास है, जहां युवा अपनी तकनीकी क्षमता दिखा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार की एजेंसियां देशविरोधी साजिश रचने वालों पर सख्त कार्रवाई करें।

भारतीय किसान यूनियन दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष ने पत्र जारी कर कहा, “कांग्रेस ने भारत मंडपम में देश के खिलाफ साजिश रची है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। किसी भी लड़ाई में राष्ट्रीय हित सर्वोपरि है।” संगठन ने कांग्रेस के इस कदम को घोर निंदनीय बताया।

बता दें कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर बवाल जारी है। जहां एक ओर सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने इसे कांग्रेस की ‘देशद्रोही’ राजनीति का उदाहरण बताया, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने कहा कि यह किसानों की आवाज उठाने का प्रयास था। हालांकि, किसान संगठनों की एकजुट निंदा से कांग्रेस बैकफुट पर आ गई है।