सपा ने गुलनाज तबस्सुम के परिजन को दी 2 लाख रुपए की सहायता राशि, एसआईआर ड्यूटी के दौरान हुई थी मौत

0
5

मुरादाबाद, 21 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी फंड से मुरादाबाद के गुलनाज तबस्सुम के परिजनों को दो लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की है। मुरादाबाद में एसआईआर की ड्यूटी के दौरान कार्य करते वक्त बीएलओ गुलनाज तबस्सुम की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।

शनिवार को मुरादाबाद जिला सपा की ओर से गुलनाज तबस्सुम के परिजनों को दो लाख रुपए का चेक सौंपा गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह यादव और एबीएलओ सलाहुद्दीन मंसूरी भी मौजूद थे।

जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह यादव और सलाहुद्दीन मंसूरी ने तबस्सुम के परिवार को दो लाख रुपए की सहायता राशि का चेक दिया। एबीएलओ सलाहुद्दीन मंसूरी के द्वारा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पूरे मामले की जानकारी दी गई थी, जिसके बाद पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए। तबस्सुम के परिवार ने अखिलेश यादव का धन्यवाद किया है।

सपा जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने बताया कि गुलनाज तबस्सुम बीएलओ बूथ संख्या 78 पर तैनात थीं। वे आंगनबाड़ी में काम करती थीं। उनकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। सलाहुद्दीन मंसूरी द्वारा हम तक बात आई। हमने अखिलेश यादव तक बात पहुंचाई। इसके बाद दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का काम पूरा किया गया है।

उन्होंने बताया कि सिर्फ गुलनाज तबस्सुम ही नहीं, बल्कि एसआईआर के दौरान काम के दबाव में जिन बीएलओ की मौत हुई है, उनके परिवार को आर्थिक सहायता देने का काम समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने किया है।

एबीएलओ सलाहुद्दीन मंसूरी ने कहा कि जो काम मौजूदा सरकार को करना चाहिए था, वह विपक्ष में रहते हुए अखिलेश यादव ने किया है। बीएलओ के परिजन पर तरस सरकार को दिखाना चाहिए था, लेकिन सपा परिजनों की मदद के लिए आगे आई। हम लोगों के कहने पर सपा के पार्टी फंड से गुलनाज तबस्सुम के परिवार को दो लाख रुपए का चेक दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव विपक्ष में रहकर गरीबों की मदद कर रहे हैं।