पटना, 22 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नक्सलवाद और घुसपैठ पर दिए बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अभी तक तो घुसपैठ और नक्सलवाद को खत्म कर देना चाहिए था।
असम के कामरूप में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अगर देश का बड़ा हिस्सा नक्सलवाद से मुक्त हो सकता है तो देश की भूमि भी घुसपैठियों से मुक्त हो सकती है।
पटना में आईएएनएस से बातचीत में राजद प्रवक्ता ने कहा कि अच्छी बात है कि अमित शाह घुसपैठ और नक्सलवाद को समाप्त करने की बात कर रहे हैं। लेकिन, सवाल यह है कि अब तक क्या कर रहे थे। इतने लंबे समय से केंद्र में सरकार है, अब तक क्यों नहीं किया। क्या कर रहे थे।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि गुजरात में लंबे समय से भाजपा की सरकार है, गुजरात में एसआईआर के जरिए 68 लाख वोट कटे। वहां इतनी गड़बड़ी कैसे हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए वोट चोरी का खेल चल रहा है। विपक्ष के वोटरों का नाम काट दिया जाता है, सत्तापक्ष के वोटरों को जोड़ा जाता है। विपक्ष ने वोट चोरी के साक्ष्य भी दिए। लेकिन, उन सवालों के जवाब आज तक नहीं मिले।
बिहार सरकार पर तंज कसते हुए राजद प्रवक्ता ने कहा कि सरकार ने जो वादे किए थे, उसे पूरे नहीं किए जा रहे हैं। पटना यूनिवर्सिटी को सेंट्रल यूनिवर्सिटी का दर्जा नहीं दिया गया। बजट में विशेष राज्य का दर्जा या विशेष पैकेज नहीं मिला। बाढ़ प्रभावित इलाकों को कुछ नहीं मिला। हर साल आधा बिहार डूब जाता है।
एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रोटेस्ट पर राजद प्रवक्ता ने कहा कि सवाल करना और विरोध करना लोकतंत्र की सुंदरता है, लेकिन सत्ता वाले क्यों बैचेनी में हैं।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप खुद को कोर्ट से ऊपर मान रहे हैं। भारत के पीछे हाथ धोकर पड़े हैं। सरकार की विदेश नीति फेल है। सब देख रहे हैं। कोर्ट टैरिफ कम करने की बात कर रहा है, लेकिन ट्रंप 15 प्रतिशत टैरिफ की बात कर रहे हैं।

