ओडिशा: सीएम विष्णु देव साय मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के 80वें महाअधिवेशन में हुए शामिल

0
6

बलौदाबाजार, 22 फरवरी (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को ग्राम चांपा में आयोजित छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के 80वें दो दिवसीय महाअधिवेशन में शामिल हुए। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी डॉ. खूबचंद बघेल की पुण्य तिथि पर दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा समाज की विभूतियों और महान व्यक्तित्वों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का गजमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री साय ने ग्राम नरदहा में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख रुपए तथा बलौदाबाजार में सामुदायिक भवन के लिए 25 लाख रुपए की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने समाज को परिश्रमी, उन्नत कृषक एवं संगठित बताते हुए राज्य के विकास में उनके योगदान की सराहना की और 80वें महाअधिवेशन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री के गृह ग्राम चांपा में यह आयोजन हो रहा है, मुझे भी यहां आने का अवसर मिला, जो सौभाग्य की बात है। महाअधिवेशन समाज में मेल-मिलाप, समन्वय और सकारात्मक निर्णयों का माध्यम है, जिससे न केवल समाज बल्कि प्रदेश और देश को भी लाभ मिलता है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि मनवा कुर्मी समाज छत्रपति शिवाजी महाराज, सरदार वल्लभ भाई पटेल, और डॉ. खूबचंद बघेल जैसे महान व्यक्तित्वों के मार्गदर्शन में आगे बढ़ रहा है। छत्रपति शिवाजी महाराज की जीवनी पर आधारित जीवंत नाटिका का मंचन किया जा रहा है, जिसे अवश्य देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा एक बेहतर इंसान और सशक्त समाज के निर्माण का आधार है। समाज के प्रत्येक बेटा-बेटी को शिक्षा से जोड़ने के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने महिला स्वरोजगार, युवा वर्ग के नशा मुक्ति अभियान, और शिक्षा की व्यवस्था जैसे निर्णयों की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने विगत दो वर्षों में प्रधानमंत्री की गारंटी को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए गए हैं। इस वर्ष समर्थन मूल्य पर 25 लाख 24 हजार किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया है तथा होली से पूर्व किसानों को अंतर की राशि लगभग 10 हजार करोड़ रुपए वितरित की जाएगी। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को अब तक 15 हजार करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में अब विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है। पहली बार 45 गांवों में तिरंगा फहराया गया है। प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री के संकल्प के अनुरूप मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में सरकार दृढ़ता से कार्य कर रही है। नियद नेल्लार योजना के माध्यम से 400 गांवों में विकास कार्य हुए हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में दो वर्षों में उल्लेखनीय विकास हुआ है। किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की गई हैं। विकास में कोई कमी नहीं है। आज हर वर्ग खुशहाल है। राज्य समृद्धि की ओर अग्रसर है।

अधिवेशन में केंद्रीय अध्यक्ष खोड़स राम वर्मा ने समाज द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाज ने मृत्युभोज एवं कलेवा प्रथा को पूर्णतः बंद करने, विधवा विवाह को पुनः लागू करने, समारोहों में डीजे पर प्रतिबंध तथा प्री-वेडिंग कार्यक्रमों को समाप्त करने जैसे सामाजिक सुधार के निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि समाज छत्रपति शिवाजी महाराज, सरदार वल्लभ भाई पटेल, और डॉ. खूबचंद बघेल के आदर्शों पर चलकर सामाजिक समरसता और प्रगतिशील सोच को आगे बढ़ा रहा है।

अधिवेशन में राजिम विधायक रोहित साहू, बलौदा बाजार राजप्रधान सुनीता वर्मा, महामंत्री यशवंत सिंह वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य राहुल टिकरिहा सहित बड़ी संख्या में स्वजातीयजन और युवा उपस्थित थे।