नई दिल्ली, 26 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता गुरुवार को ‘वरदान’ फिल्म फेस्टिवल में पहुंचीं, जहां उन्होंने कहा कि अंगदान किसी को नई जिंदगी देने का सबसे बड़ा उपहार है।
सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि ‘वरदान’ फिल्म फेस्टिवल के लिए दधीचि देह दान समिति का साधुवाद। अंगदान और देहदान जैसे संवेदनशील विषय पर कला के माध्यम से लोगों को जागरूक करना सच में प्रेरणादायक प्रयास है। ऐसे आयोजन समाज में नई सोच पैदा करते हैं। अंगदान केवल एक मेडिकल प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह किसी को नई जिंदगी देने का सबसे बड़ा उपहार है। एक व्यक्ति का निर्णय कई परिवारों की दुनिया बदल सकता है। पीएम मोदी ने भी अंगदान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया है, ताकि देश में ज्यादा से ज्यादा लोग इस पवित्र कार्य से जुड़ें। आइए, हम सब जागरूक बनें, दूसरों को जागरूक करें और सेवा के इस महान कार्य का हिस्सा बनें।
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि यह आयोजन पूर्वी दिल्ली में हो रहा है, लेकिन यह पूरे विश्व के लिए है। हमें भारत के साथ-साथ अन्य देशों से भी फिल्म एंट्री प्राप्त हुई हैं। यह भारत में पहला फिल्म फेस्टिवल हो सकता है जो विशेष रूप से अंगदान और शवदान के विषय पर लघु फिल्मों के माध्यम से समर्पित है। हमें विश्वास है कि प्राप्त फिल्में इतनी उच्च गुणवत्ता की हैं कि वे वैश्विक स्तर पर देखी जाएंगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में तीन बार अंगदान का उल्लेख किया है। दधीचि देहदान समिति ने विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार के मार्गदर्शन में यह प्रारंभ की थी। दिल्ली-एनसीआर में देहदान और अंगदान के विषय को लेकर यह जन जागरण का काम करती है। अभी तक हमारे माध्यम से 20 हजार से अधिक लोगों ने देहदान और अंगदान का संकल्प पत्र भरा है। 1500 से अधिक अंगदान और देहदान समिति की ओर से किए गए हैं। अंगदान और देहदान को लेकर छोटी-बड़ी फिल्मों के लिए एक फिल्म फेस्टिवल कराया जा रहा है। 70 के करीब फिल्मों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

