भाजपा यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को फंसाने की कर रही कोशिश: संदीप दीक्षित

0
8

नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। इंडिया एआई समिट में यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर राजनीति थमने का नाम नहीं ले रही है। विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर गलत तरह से कार्रवाई करने का आरोप लगा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि देश में इससे पहले भी कई बार इस तरह के प्रदर्शन देखने को मिले थे।

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “हमने बार-बार कहा है कि इस देश में पहले भी ऐसे प्रदर्शन हुए हैं। इसमें कुछ भी नया नहीं है। अगर आपको यह पसंद नहीं है, तो कोई बात नहीं। हमने कई बार प्रदर्शन का सामना किया है। आप किसी व्यक्ति को हिरासत में ले सकते हैं और शाम को रिहा कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा कि हम लोगों ने इससे बड़े भी प्रदर्शन देखे हैं। लोग पत्थरबाजी भी करते थे। दिल्ली पुलिस यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को फंसाने की कोशिश कर रही है।

भाजपा पर निशाना साधते हुए संदीप दीक्षित ने कहा कि ये प्रदर्शन भाजपा के नेताओं को पसंद नहीं आया है। इसीलिए नियमों से हटकर कार्रवाई की जा रही है। ये लोग अब विरोध प्रदर्शन को भी अपराध की श्रेणी में ला रहे हैं, इसीलिए शोर मचा रहे हैं। भाजपा और प्रधानमंत्री को अहंकार आ गया है और वे किसी की सुन नहीं रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि अब देश में पुलिस कानून से नहीं चल रही है बल्कि भाजपा नेताओं के हिसाब से चलाई जा रही है। ये लोग कभी भी किसी के खिलाफ कोई भी केस बनाकर उसे जेल में डाल देंगे, जो कानून इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है उसे भी करने लगते हैं, जिससे देश का माहौल खराब हो रहा है।

संदीप दीक्षित ने कहा कि भाजपा देश में कुछ भी कर सकती है। अगर हम लोग इसका विरोध करेंगे तो भाजपा को खराब लग जाता है और वह उसके खिलाफ कानून से हटकर कार्रवाई करने लगती है, जिस तरह से यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल में रखा गया है। इस तरह आज तक नहीं हुआ है।