सौरभ भारद्वाज ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बरी होने को बताया देश की जीत

0
9

नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली शराब नीति से जुड़े सीबीआई मामले में शुक्रवार को राउज एवेन्यू कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया। आप पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इसे देश की जीत बताया है।

आप पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “यह बड़ी जीत अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया की नहीं है, यह देश के लोगों की जीत है और देश के लिए बड़ी बात है। आज बहुत बड़ा फैसला कोर्ट ने दिया है। मुझे लगता है कि देश में ईमानदार लोग हैं।

सौरभ भारद्वाज ने कहा, “ईडी एक ऐसी संस्था है जो व्हीलचेयर पर है। दिल्ली, पंजाब, गुड़गांव, हैदराबाद, मुंबई और बेंगलुरु में 600 जगहों पर छापेमारी की गई, लेकिन कहीं से कोई बरामदगी नहीं हुई। सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा कि यह केस एक मिनट भी ट्रायल में नहीं टिकेगा, लेकिन बेल नहीं दी। वहां ही साफ हो गया था कि सीबीआई और ईडी के पास सबूत नहीं हैं, जिसका मतलब है कि यह केस इस लायक भी नहीं है कि इसमें मुकदमा चल सके।”

उन्होंने कहा, “हमारा मानना ​​है कि यह देश के लिए एक बहुत सीरियस मुद्दा है, एक बड़ी चिंता है। आज इस देश में सबसे बड़ी प्रॉब्लम करप्शन है। अभी, बहुत कम लोग ईमानदार रहना चाहते हैं, अगर कोई ईमानदार इंसान ईमानदारी से काम कर रहा है, तो उसे अक्सर सताया जाता है। यह बात साबित हो चुकी है कि भ्रष्ट लोग मजे करते रहते हैं, जबकि ईमानदार लोगों को बदनाम किया जाता है, करप्ट कहा जाता है, और जेल में डाल दिया जाता है।”

अजय माकन पर निशाना साधते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा, “अजय माकन असल में भाजपा के सपोर्टर हैं। 10 साल तक हमारी सरकार थी। आज भी अजय माकन के करीबी लोग ऑफिस में काम कर रहे हैं। इसीलिए कांग्रेस में होने के बावजूद वह भाजपा के फायदे में काम करते हैं। इसी वजह से कांग्रेस कमजोर हुई है, जो राहुल गांधी को छोड़कर सबको साफ पता है।”

उन्होंने कहा कि अजय माकन रहते हैं कांग्रेस में, लेकिन काम भाजपा के लिए करते है, यह बात सबको पता चल जाएगी।