Saturday, June 13, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल अगर बारिश से धुला भारत-वेस्टइंडीज मुकाबला, तो किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट?...

अगर बारिश से धुला भारत-वेस्टइंडीज मुकाबला, तो किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट? जानिए क्या है नियम

0
26

नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में रविवार को भारतीय टीम की भिड़ंत ‘करो या मरो’ मुकाबले में वेस्टइंडीज के साथ होनी है। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम को सीधा सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा। हालांकि, भारत-वेस्टइंडीज के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर होने वाला यह अहम मुकाबला अगर बारिश की भेंट चढ़ता है, तो टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ जाएंगी।

आईसीसी के नियमों के हिसाब से सुपर-8 राउंड के किसी भी मुकाबले के लिए रिजर्व-डे नहीं रखा गया है। ऐसे में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले मैच में अगर बारिश विलेन बनती है, तो नेट रन रेट का रोल काफी अहम हो जाएगा।

वेस्टइंडीज का नेट रन रेट + 1.791 है, जबकि भारतीय टीम का नेट रन रेट -0.100 है। यानी सूर्या की सेना के मुकाबले कैरेबियाई टीम का नेट रन रेट बेहतर है और बारिश होने की स्थिति में वेस्टइंडीज को सेमीफाइनल का टिकट मिल जाएगा।

हालांकि, भारतीय फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि रविवार को कोलकाता में बारिश होने की आशंका ना के बराबर है। दिन के समय में तापमान 34 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। वहीं, मैच के वक्त तापमान 25 से 26 डिग्री के बीच रहेगा।

भारतीय टीम को सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए मैच में टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 72 रनों से जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 256 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए।

भारतीय टीम का यह टी20 विश्व कप में सबसे बड़ा स्कोर भी है। टीम की ओर से अभिषेक शर्मा ने 55 रन बनाए, जबकि हार्दिक पांड्या ने सिर्फ 23 गेंदों का सामना करते हुए 50 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं, तिलक वर्मा ने 16 गेंदों में 44 रन बनाए। 257 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 184 रन ही बना सकी। ब्रायन बेनेट ने 59 गेंदों में 97 रन बनाए।

भारत की ओर से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में महज 24 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट निकाला। दूसरी ओर, वेस्टइंडीज को आखिरी मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 9 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी।